रजिस्ट्रार प्रो। एनके शुक्ला के आवास पर बीती रात अराजकतत्वों ने तीन बम फोड़ा

विवि के गेस्ट हाउस पर भी चलाया बम, खिड़की का टूटा शीशा

ALLAHABAD: इलाहाबाद विश्वविद्यालय में अराजकता का माहौल थमता हुआ नहीं दिखाई दे रहा है। बीती रात रजिस्ट्रार आवास पर अराजकतत्वों ने एक के बाद एक तीन बम फोड़कर दहशत मचा दी तो विवि के गेस्ट हाउस पर भी बम चलाया। बमबाजी से गेस्ट हाउस की खिड़की का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि बमबाजी में कोई हताहत नहीं हुआ। रजिस्ट्रार प्रो। एनके शुक्ला ने अज्ञात लोगों के खिलाफ कर्नलगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

रात 1:30 बजे हुई घटना

विवि के रजिस्ट्रार प्रो। शुक्ला के आवास पर बीती रात 1.30 बजे एक बाइक पर सवार तीन लोग पहुंचे। इन लोगों ने अपनी गाड़ी आवास से 50 मीटर की दूरी पर खड़ा किया था। उसके बाद पैदल ही उनके आवास की ओर गए और एक के बाद एक तीन बम फेंका। बमों का धमाका इतना तेज था कि प्रो। शुक्ला व उनके परिजनों सहित आसपास के लोग भी दहशत में आ गए।

लोगों ने चिल्लाना शुरू किया तो अराजकतत्व वहां से भाग निकले। प्रो। शुक्ला ने इसकी जानकारी अन्य प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस के अधिकारियों को दी। उसके बाद विवि के गेस्ट हाउस को निशाना बनाकर बम फोड़ा। बमबाजी से गेस्ट हाउस के कान्फ्रेस हाल की खिड़कियों के शीशे टूट गए। जब तक सुरक्षा गार्ड दौड़े तब तक अराजकतत्व भाग गए थे।

अराजकतत्व लगातार विवि की सम्पत्तियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ ही उनके आवास को भी निशाना बना रहे हैं। तीनों बमों का धमाका इतना ज्यादा था कि अभी तक आसपास के लोगों में दहशत बनी हुई है।

प्रो। एनके शुक्ला, रजिस्ट्रार