RANCHI : महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज अस्पताल में शुक्रवार को अव्यवस्था का आलम रहा। करीब डेढ़ घंटे तक रजिस्ट्रेशन काउंटर पर कर्मचारी नहीं बैठे और मरीज हंगामा करने लगे। बढ़ते हंगामा को देखते हुए मौके पर एमजीएम अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ। नकुल प्रसाद चौधरी पहुंचे और कर्मचारियों को समझाया। तब जाकर कर्मचारी काम पर लौटे।

नई एजेंसी को जिम्मा

शुक्रवार से नई एजेंसी शिवा प्रोटेक्शन ने अस्पताल में कार्यभार संभाला लिया। इस एजेंसी के टेंडर में रजिस्ट्रेशन काउंटर पर सिर्फ दो कर्मचारी का वर्क ऑडर है। इससे बाकि कर्मचारी भड़क गए और वे लोग इसका विरोध करने लगे। इससे अस्पताल में अव्यवस्था हो गई और मरीज हंगामा करने लगे। नई एजेंसी को केवल 323 नर्सिग कर्मचारी और 65 हाउसकीपिंग कर्मचारी का वर्कऑर्डर है। इसमें ड्रेसर व वार्ड ब्याय का पद खत्म कर दिया गया है।

कर्मियों को हटाए जाने का है डर

जबकि पूर्व एजेंसी के वर्कऑर्डर में करीब 700 कर्मचारी थे। यानी 312 कर्मचारी को हटाया जा सकता है। इसका भय कर्मचारी में बना हुआ है। हालांकि, फिलहाल किसी भी कर्मचारी को हटाया नहीं गया है। सभी को अगले एक सप्ताह का समय दिया गया है। इधर, अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि कोशिश की जा रही है कि एक भी कर्मचारी नहीं हटे। इसके लिए विभाग को पत्र लिखा गया है। कर्मचारियों की संख्या कम होने से मरीजों की परेशानी बढ़ सकती है।