JAMSHEDPUR: गोलमुरी रिलायंस फ्रेश के 27 वर्षीय मैनेजर अमित कौशिक 15 मार्च की रात आठ बजे से लापता है। 15 दिन बाद भी पुलिस को मैनेजर का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। वहीं जिला पुलिस की टेक्निकल सेल की टीम ने मैनेजर की मोबाइल का कॉल डिटेल निकाला है। बावजूद कोई जानकारी नही मिल पाई। मैनेजर के पिता विजय कुमार सिंह ने गोलमुरी थाने में पुत्र के लापता होने की शिकायत दर्ज कराते हुए अनहोनी की आशंका जताई है साथ ही कंपनी के पदाधिकारियों पर ऑडिट के दौरान 50 हजार के हिसाब को लेकर उनके बेटे को प्रताडि़त करने का आरोप लगाया है। मूल रुप से अमित कौशिक बिहार के पटना जिले के मनेर थाना क्षेत्र के शेरपुर कदमकुआ त्रिमुाही के रहने वाले है। मालूम हो कि कंपनी के विजलेंस टीम ने 15 मार्च के पहले रिटेल का ऑडिट किया था। अमित ने ऑडिट के बाद 16 मार्च को छुट्टी पर रहने की जानकारी दी थी।

पुलिस टीम ने मैनेजर की मोबाइल का कॉल डिटेल निकाला। अंतिम लोकेशन छत्तीसगढ़ पाया। इसके आगे कोई जानकारी नही मिल पाई। मैनेजर ने मोबाइल का सिम भी बदल दिया है। परिजनों के पास उपलब्ध मैनेजर की मोबाइल 7368809121 और 7004213199 बंद है। पुलिस ने मैनेजर का आधार नंबर लिया। क्रेडिट कार्ड के संबंध जानकारी ली। मैनेजर की परिचित एक युवती से पूछताछ की, लेकिन कुछ नही मिला।