लेबर कालोनी फाटक पर खड़े रहे दर्जनों वाहन चालक

फीरोजाबाद : लेबर कालोनी फाटक पर मरम्मत का कार्य शनिवार को आधी रात तक चला। जिससे लाइनपार क्षेत्रवासियों को काफी परेशानी हुई। वहीं फाटक बंद रहने के कारण एक बरात भी तीन घंटे रुकी रही। एक तरफ जहां समारोह स्थल पर बारात के आगवानी का इंतजार हो रहा था। वहीं दूसरी तरफ यहां लाइन के इस पार बाराती फाटक पार करने का इंतजार कर रहे थे।

रेलवे द्वारा लेबर कालोनी फाटक पर शुक्रवार की सुबह से शुरू कराया गया मरम्मत का कार्य तय समय में पूरा नहीं हो सका। स्थानीय अधिकारियों ने रात 10 बजे से पहले काम पूरा होने का अनुमान लगाया था। लोगों को भी यही जानकारी थी कि दस बजे काम खत्म होते ही फाटक से सड़क यातायात शुरू हो जाएगा, लेकिन ऐसा हो नहीं सका। इस कारण शनिवार रात को लाइनपार क्षेत्र में रहने वाले वाहन स्वामियों की भीड़ फाटक पर एकत्र हो गई। दर्जनों बाइक एवं बड़े वाहन फाटक के दूसरी तरफ खड़े रहे।

इन सब के बीच बैँडबाजे और घोड़ी भी फाटक खुलने का इंतजार करती रही। आयोजक बार बार फाटक खुलने का समय पूछते रहे। वहीं रेलकर्मी अपने काम में जुटे रहे। रात 12 बजे के बाद काम पूरा होने के बाद फाटक खुल सका। तब जाकर वाहन स्वामियों और बरातियों ने राहत की सांस ली। सीनियर सेक्शन इंजीनियर रेल पथ बीके मिश्रा का कहना है कार्य रात 12 बजे खत्म हो सका। हालांकि इससे पहले ही आधा रास्ता खोल दिया गया था। जिससे वाहनों का आवागमन होता रहा।