- केजीएमयू की आब्स एंड गाइनी की जेआर 3 डॉ। मनीषा वेंटीलेटर पर

- शनिवार शाम इंजेक्शन लेकर किया था सुसाइड का प्रयास

luckcnow@inext.co.in

LUCKNOW: किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी के सीनियर रेजीडेंट डॉ। मनीषा की हालत गंभीर बनी हुई है। वह वेंटीलेटर पर कोमा की स्थिति में है और 24 घंटे बाद भी उनकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ है। उनकी बड़ी बहन दीपा शर्मा ने मनीषा के साथी डॉ। उधम सिंह के खिलाफ वजीरगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई

बहन ने दी तहरीर

मनीषा की बड़ी बहन दीपा शर्मा ने मामले में मनीषा के साथी डॉक्टर पर एफआईआर के लिए तहरीर दी है। दीपा शर्मा पुत्री रमेश चंद्र, शिव नगर कानपुर ने चौक थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा है कि सीनियर रेजीडेंट डॉ। उधम सिंह ने मनीषा के ही फोन से कॉल करके बताया कि उनका मनीषा से झगड़ा हो गया था, जिसके बाद उसने सुसाइड कर लिया है।

खुद को लगा लिया था इंजेक्शन

आब्स एंड गाइनी विभाग की सीनियर रेजीडेंट डॉ। मनीषा केजीएमयू के बुद्धा हॉस्टल के डी ब्लॉक में कमरा नंबर 309 में रहती हैं। शनिवार देर शाम उन्होंने एक मसल रिलैक्सेंट इंजेक्शन अपने आपको लगाकर सुसाइड करने का प्रयास किया था, जिसके बाद उनकी हालत बिगड़ गई। उनके साथियों को पता चला तो उनके कमरे से ही उन्हें बचाने के लिए सभी प्रयास शुरू कर दिए थे। धड़कन रुकने पर उन्हें कई बार सीपीआर दिया गया। डॉक्टर्स की मेहनत से वह जिंदा ट्रॉमा सेंटर तक पहुंच गई, लेकिन वह कोमा में चली गई।

बचाने का किया जा रहा प्रयास

केजीएमयू के डॉक्टर्स के अनुसार मरीज को करीब 8 बजे ट्रॉमा सेंटर की कैजुअल्टी में लाया गया था। उनकी पल्स भी नहीं मिल पा रही थी। जहां पर उन्हें कार्डियक अटैक पड़ा, लेकिन डॉक्टर्स ने सीपीआर की मदद से उनकी धड़कन रिवाइव की, लेकिन वह कोमा की हालत में चली गई। जिसके कारण उन्हें ट्रॉमा वेंटीलेटर यूनिट में भर्ती कराया गया। जहां पर वह कोमा की स्थिति में हैं। सूत्रों के अनुसार उनका ब्रेन डेड हो चुका है। उसे बचाने का प्रयास लगातार जारी है। वहीं इंस्पेक्टर वजीरगंज पंकज सिंह ने बताया कि छात्रा की बहन की तहरीर पर डॉ। उधम के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है।

बॉक्स

बात होने के घंटे भर बाद आई बुरी खबर

मनीषा को कोई दिक्कत नहीं थी। ना ही उसने कभी कुछ बताया। उसकी चार बजे तक ड्यूटी थी और एक घंटा पहले ही बात हुई थी। तब तो कोई दिक्कत नहीं बताई थी। उसकी बहन के पास फोन आया कि उसने सुसाइड कर लिया है। रोते हुए मनीषा की मां से बस यही शब्द निकले। उन्होंने बताया कि मनीषा पांच भाई बहन हैं। उसकी दो बड़ी बहनें और दो बड़े भाई हैं। मनीषा सबसे छोटी है और परिवार में अकेली डॉक्टर है। मनीषा के पिता बिजली विभाग से रिटायर हैं। उन्होंने कहा कि मनीषा ऐसा कदम उठाएगी इसका उन्हें कतई आभास नहीं था।