-प्रियदर्शी सिंह को मिली सामान्य वर्ग में 2467वीं रैंक

-शहर के मेधावियों ने बिखेरी जेईई एडवांस परीक्षा के रिजल्ट में रौनक

ALLAHABAD: जेईई एडवांस के नतीजे रविवार को घोषित कर दिए गए। इंजीनियरिंग की पढ़ाई के लिए प्रतिष्ठित इस परीक्षा में प्रयाग की मेधा का भी डंका बजा है। सिटी के महर्षि पतंजलि विद्या मंदिर के छात्र नारायण गुप्ता ने सामान्य वर्ग में 425वीं रैंक हासिल करके अपनी मेधा का झंडा गाड़ा है। महर्षि पतंजलि विद्या मंदिर के ही वैभव ने 538वीं रैंक हासिल की है। खबर लिखे जाने तक मिली जानकारी के अनुसार जनपद में दोनों की श्रेष्ठ रैंक है। इसके अलावा तेलियरगंज निवासी सोनू कुमार गुप्ता को ऑल इंडिया 1017 रैंक मिली है।

शोभित ने स्कूल में किया था टॉप

प्राप्त जानकारी के मुताबिक सेंट जोसेफ स्कूल एंड कॉलेज के प्रियदर्शी सिंह ने 2467वीं रैंक हासिल की है। वहीें बिशप जानसन स्कूल एंड कॉलेज मेन ब्रांच के शोभित गुप्ता को 1845वीं रैंक हासिल हुई है। शोभित के पिता गिरधर गोपाल गुप्ता एजी ऑफिस में आडिट ऑफिसर हैं। उसे इंटर में 97 फीसद अंक हासिल हुए थे। शोभित ने अपने स्कूल में टॉप किया था। वहीं नारायण गुप्ता के पिता रविशंकर गुप्ता दिल्ली में चिकित्सक हैं। उनकी मां अनीता गुप्ता रेलवे में चिकित्सक हैं। नारायण ने इसी साल इंटरमीडिएट की परीक्षा पास की है। उसे 90.2 फीसद अंक हासिल हुए हैं।

अच्छा इंजीनियर बनना ही है लक्ष्य

वहीं वैभव एमपीवीएम का पढ़ने वाला है। उसने इंटरमीडिएट में 92.2 फीसद अंक हासिल किया था। पिता धनंजय सिंह फाइनेंस कंपनी में चीफ मैनेजर हैं। मां संगीता गृहिणी हैं। जबकि प्रियदर्शी सिंह के पिता पद्माकर सिंह व्यवसायी हैं। मां मोनिका सिंह गृहिणी हैं। प्रियदर्शी ने बताया कि कम्प्यूटर साइंस में बीटेक करना उसका लक्ष्य है। एक अच्छा इंजीनियर बनना उसकी प्राथमिकता है। वह बीटेक के बाद आगे क्या करना है यह भविष्य में तय करेगा। उसने कहा आईआईटी क्वालीफाई करने वाले ज्यादातर विद्यार्थियों की पसंद कम्प्यूटर साइंस है। वहीं सोनू कुमार गुप्ता मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं। उनके पिता भोला प्रसाद गुप्ता बिजनेसमैन हैं। जबकि मां मीरा देवी हाऊस वाइफ हैं।