सिपाही भर्ती का रिजल्ट जारी

- 34716 पदों पर हुई भर्तियां, जुलाई से शुरु होगी ट्रेनिंग

- 41520 पदों पर भर्ती के लिए 15 जून के बाद लिखित परीक्षा

LUCKNOW :

पुलिस महकमे में हुई सिपाहियों की भर्ती का रिजल्ट मंगलवार को जारी हो गया। उप्र पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने वर्ष 2015 में शुरू हुई 34,716 सिपाहियों की भर्ती का रिजल्ट अपनी वेबसाइट पर अपलोड कर दिया है। इसमें से 23,200 पद सिविल पुलिस के पुरुष सिपाहियों और 5,800 पद महिला सिपाहियों के हैं। इसके अलावा 5716 पद पीएसी के हैं। भर्ती बोर्ड के अध्यक्ष जीपी शर्मा ने बताया कि चिकित्सकीय परीक्षण और चरित्र सत्यापन के बाद चयनित अभ्यर्थियों को जुलाई से ट्रेनिंग पर भेजा जाएगा। वहीं दूसरी ओर वर्ष 2018 में सिपाहियों के 41520 पदों पर भर्ती के लिए 15 जून के बाद लिखित परीक्षा होगी। यह परीक्षा ऑफलाइन होगी। इसके लिए 22 लाख से ज्यादा अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है।

महिलाओं ने खूब किया आवेदन

खास बात यह है कि महिला पुलिस के 5800 पदों के लिए पांच लाख छह हजार 338 महिलाओं ने आवेदन किया था। इसमें से मेरिट के आधार पर 87132 अभ्यर्थियों की शारीरिक परीक्षा कराई गई। इनमें से 7723 को अभिलेखों की पड़ताल और शारीरिक मानक परीक्षा के लिए बुलाया गया। 5800 पदों के लिए सामान्य वर्ग की 2900, पिछड़ा वर्ग की 1566, अनुसूचित जाति श्रेणी की 1218 और अनुसूचित जनजाति की 116 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। क्षैतिज आरक्षण के तहत 15 स्वतंत्रता संग्राम सेनानी कोटे में चुनी गई हैं। वहीं पुरुष सिपाहियों के कुल 28916 पदों के लिए 15,63,674 आवेदन आए थे। मेरिट के आधार पर 4,33,880 अभ्यर्थियों की शारीरिक परीक्षा कराई गई। इसके बाद 10वीं-12वीं में प्राप्त अंकों और शारीरिक परीक्षा में मिले अंको के आधार पर श्रेष्ठता सूची तैयार की गई। 44268 अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की पड़ताल और शारीरिक मानक परीक्षा के बाद चयनित अभ्यर्थियों का रिजल्ट जारी किया गया है। वहीं सिविल पुलिस के 23200 पदों के लिए सामान्य वर्ग में 11,600, पिछड़ा वर्ग में 6264, अनुसूचित जाति में 4872 और अनुसूचित जन जाति श्रेणी में 464 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। इसमें 134 स्वंतत्रता संग्राम सेनानी आश्रित, 33 भूतपूर्व सैनिक और 47 होमगार्ड के अभ्यर्थी शामिल हैं।

कट ऑफ लिस्ट (सिविल पुलिस)

सामान्य वर्ग- 406.7

पिछड़ा वर्ग- 397.6

अनुसूचित जाति- 380.3

अनुसूचित जनजाति- 376.63

महिला सिपाही कट ऑफ लिस्ट

सामान्य वर्ग- 418.77

अन्य पिछड़ा वर्ग- 410.6

अनुसूचित जाति- 357.9

अनुसूचित जनजाति- 377.23