- ब्रज क्षेत्र की बीजेपी उपाध्यक्ष कुंजलता ने भी ज्वाइन की सपा

- शिवपाल यादव की मौजूदगी में ली शपथ, बसपा पर बरसे

LUCKNOW: इलाहाबाद युनिवर्सिटी की पहली महिला अध्यक्ष ऋचा सिंह ने शनिवार को समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया। पार्टी कार्यालय में सपा के प्रदेश चुनाव प्रभारी शिवपाल सिंह यादव ने ऋचा सिंह के साथ तीन अन्य लोगों के सपा में शामिल होने की घोषणा की। तीन अन्य लोगों में आगरा की बीजेपी ने तो कुंजलता शर्मा, कांग्रेस नेता पारितोष सिंह और बीजेपी के अमरजीत सिंह ने सपा की सदस्यता ग्रहण की। कुंजलता गोपाल दास नीरज की बेटी हैं और ब्रज क्षेत्र की बीजेपी की उपाध्यक्ष भी हैं। जबकि अमरजीत सिंह पूर्व शिक्षा राज्यमंत्री रह चुके हैं और 2012 के चुनाव में टिकट न मिलने की वजह से सपा छोड़ कर चले गये थे। उन्होंने बीजेपी भी ज्वाइन की थी अब दोबारा सपा में वापस आ गये हैं।

मायावती के बारे में सब जानते हैं

एक सवाल के जवाब में शिवपाल सिंह यादव ने मायावती के बारे में कहा कि वह क्या हैं सभी जानते हैं। उनके बारे में कुछ नहीं कहेंगे। सपा सरकार विकास के लिए काम कर रही है और वह खुद इसके निरीक्षण के लिए जिलों जिलों में जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक्सप्रेस वे दो साल के अंदर बन कर तैयार हो रहा है। मायावती ने जो एक्सप्रेस वे बनवाया उसके बारे में सभी जानते हैं। कितनी लाठियां चली थीं, किसान मारे गये थे। लेकिन सपा सरकार ने जो एक्सप्रेस वे बनवाया है उसमें कहीं कोई विवाद नहीं रहा है।

दलित के नाम पर अपना भला किया

मायावती के बारे में शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि मायावती ने दलितों के नाम पर राजनीति की लेकिन उनका भला नहीं किया। बल्कि अपना भला किया। उनके राज में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर था, जिसे अभी तक हम लोग झेल रहे हैं। उन्होंने फिर दावा किया कि तीन सौ सीटें यहां जीतेंगे और फिर से सरकार बनाएंगे।

मौर्य के बारे में सब जानते हैं

बीजेपी के नये प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य के बारे में शिवपाल सिंह ने कहा कि उनका क्या इतिहास रहा है वह आप सब जानते हैं। हमें कुछ कहने की जरूरत नहीं है। प्रदेश सरकार विकास के नाम पर चुनाव लड़ रही है। आने वाले दिनों में शेष काम भी पूरे होंगे। वहीं, ऋचा ने कहा कि बीजेपी के नये प्रदेश अध्यक्ष ने जहां पार्टी से महिला को बाहर कर दिया। वहीं, जब शिवपाल प्रदेश के प्रभारी बने तो उन्होंने दो-दो महिलाओं को पार्टी में ज्वाइन कराया।

कुंजलता को आगरा उत्तरी, अमरजीत फतेहपुर से लड़ेंगे

पार्टी ज्वाइन करते ही शिवपाल सिंह यादव ने कुंजलता और अमरजीत के टिकट की भी घोषणा कर दी। कुंजलता को आगरा उत्तरी से और अमरजीत सिंह को फतेहपुर बिंदकी से सपा ने अपना उम्मीदवार घोषित किया है। इन दोनों ही सीटों से सपा ने अभी कैंडीडेट की घोषणा नहीं की थी।