आरएमसी से बगैर एनओसी लिए डीप बोरिंग कराने वालों की खैर नहीं

रांची नगर निगम अवैध बोरिंग के खिलाफ जल्द चलाएगा अभियान

RANCHI: रांची नगर निगम से बगैर एनओसी लिए डीप बोरिंग कराने वालों की अब खैर नहीं है। उन पर जुर्माना तो लगेगा ही साथ ही नहीं मानने पर थाना कानूनी कार्रवाई भी करेगा। जी हां, रांची नगर निगम अवैध बोरिंग के खिलाफ जल्द ही अभियान चलाने वाला है। गुरुवार को उसने डीप बोरिंग करने वाली एक गाड़ी को पकड़ कर उस पर जुर्माना लगाया। शहर में बड़ी संख्या में आरएमसी से बिना इजाजत लिए लोगों ने डीप बोरिंग कराया है या कुछ लोग करा रहे हैं। जिन पर लगाम कसने के लिए नगर निगम ने कमर कस ली है

25 हजार रुपए लगेगा जुर्माना

रांची नगर निगम से बिना एनओसी लिए जो लोग डीप बोरिंग कराएंगे, उनसे 25 हजार रुपए जुर्माना वसूला जाएगा। इसके बाद भी अगर लोग नहीं माने तो उन्हें पकड़ कर संबंधित थाने को सौंपा जाएगा। ऐसे लोगों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज होगी। डीप बोरिंग पर कार्रवाई करने लिए वाटर बोर्ड के इंजीनियरों की टीम को जिम्मेदारी दी गई है।

थाना रखेगा नजर

शहर में कहीं भी डीप बोरिंग की जानकारी मिलेगी, तो थाने के लोग जाकर उसकी जांच करेंगे। डीप बोरिंग कराने के लिए रांची नगर निगम द्वारा जारी एनओसी की मांगेंगे। अगर व्यक्ति एनओसी नहीं लिया होगा, तो उस पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। रांची नगर निगम के नगर आयुक्त ने एसएसपी के माध्यम से संबंधित थानों को कार्रवाई करने का आदेश दिया है। उन्होंने वार्ड पार्षद को भी यह जिम्मेदारी सौंपी है कि वे इसकी जांच करें। अगर कोई बिना एनओसी लिए डीप बोरिंग करा रहा है, तो वे इसकी सूचना तुरंत संबंधित थाने को दें। निगम के निर्देशानुसार अब बगैर एनओसी लिए डीप बोरिंग कराने वाले हरगिज नहीं बच सकते।