RANCHI : रांची नगर निगम ने राजस्व बढ़ाने का नया तरीका ढूंढ निकाला है। अब शहर में बनाए गए मॉड्यूलर टायलेट पर एड के लिए स्पेस उपलब्ध होगा। इसके एवज में एड लगाने वाली कंपनी अथवा एजेंसी को चार्ज देना होगा। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। मालूम हो कि निगम एरिया में 79 मॉड्यूलर टायलेट बनाए गए हैं। इन सभी टॉयलेट को तीन जोन में बांटा गया है और 220.50 रुपए प्रति स्क्वायर फीट के दर से चार्ज तय किया गया है।

तीन जोन में बांटे जाएंगे

मॉड्यूलर टॉयलेट के लिए भी तीन जोन बनाए गए हैं। इसके तहत जिस एजेंसी को टेंडर मिलेगा, उसे एक जोन में स्थित सभी मॉड्यूलर टायलेट पर एड के लिए स्पेस दिया जाएगा अथवा सभी जोन में भी उसे यह काम दिया जा सकता है। एजेंसी को एड का जिम्मा मिलने से नगर निगम को अतिरिक्त राजस्व मिल सकेगा।

हर जोन के लिए एक ही चार्ज

नगर निगम के अधिकारी ने बताया कि सभी मॉड्यूलर टॉयलेट्स रोड किनारे ही है। इस वजह से माड्यूलर टॉयलेट्स का रेट भी होर्डिग्स के बराबर रखा गया है। जिसके तहत एक स्क्वायर फीट के ऐड के लिए 220.50 रुपए चार्ज देना होगा।

अपग्रेड हो रहा महिला टॉयलेट

शहर में बने महिला टॉयलेट्स को भी अपग्रेड किया जा रहा है। इसके तहत महिला टॉयलेट के आगे एक दीवार बनाई जाएगी, ताकि महिलाओं को टॉयलेट में जाने में किसी तरह की दिक्कत न हो। फिलहाल महिलाएं कोई पर्दा नहीं होने के कारण टॉयलेट का यूज करने से कतराती है।