- हादसे में आठ यात्री गं5ाीर रूप से हुए घायल

- वाहन की तेज गति बताया जा रहा है हादसे का कारण

DEVPRAYAG: ऋषिकेश बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर धौलीधार के पास टाटा सूमो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में चार यात्रियों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना का कारण वाहन की तेज गति बताया जा रहा है।

रुद्रप्रयाग से हरिद्वार जा रही थी सूमो

प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को रुद्रप्रयाग से हरिद्वार जा रही टाटा सूमो दोपहर करीब ढाई बजे देवप्रयाग से लगभग 15 किमी आगे अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को खाई से बाहर निकाला। हादसे में 44 वर्षीय चालक दलवीर सिंह पुत्र नारायण सिंह निवासी रतूड़ा रुद्रप्रयाग के साथ ही 30 वर्षीय किरण व उसकी 3 वर्षीय बेटी शगुन निवासी कगवाली की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। चौथे मृतक की अभी शिनाख्त नहीं हो पाई है।

तेज गति से वाहन चला रहा था चालक

घायलों में रणजीत सिंह पुत्र राजीव सिंह ग्राम पीड़ा, अरिवंद बिष्ट पुत्र शेर सिंह ग्राम पावो, नीरज सिंह पुत्र प्रकाश सिंह बुटोला ग्राम थपलगांव, भूपेंद्र सिंह पुत्र शिवराज दसजुयला कड़ाई, सुरेंद्र सिंह पुत्र सेन सिंह बिष्ट ग्राम पाबौ सभी जिला रुद्रप्रयाग एवम पीयूष कुमार वर्ष पुत्र नरेश कुमार मारिया निवास शिमला हिमाचल प्रदेश, सुमन पत्नी बृजू व उसकी बेटी 9 वर्षीय सुजल भगवानपुर हरिद्वार शामिल हैं। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागी में ले जाया गया। जहां से चार घायलों को श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर कर दिया गया। सूमो में सफर कर रहे घायल नीरज सिंह ने बताया कि चालक वाहन को काफी तेज गति से चला रहा था। सवारियों ने उसे कई बार वाहन धीरे चलाने के लिए कहा, लेकिन वह नहीं माना। एक मोड़ पर वह वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और वाहन खाई में गिर गया।