JAMSHEDPUR: बागबेड़ा लाल बिल्डिंग स्थित रेलवे हाई स्कूल के सामने कार की चपेट में आने से स्कूटी सवार रितू सिंह की मौत हो गई। दुर्घटना बुधवार दोपहर साढ़े तीन बजे की है। चालक कार लेकर भागने में सफल रहा।

रितू बागबेड़ा सरस्वती शिशु मंदिर की दसवीं की छात्रा थी। वह आठ मार्च से शुरू होने वाली मैट्रिक की परीक्षा में शामिल होने वाली थी। रितू पांच बहनों में सबसे बड़ी थी और सबसे छोटा उसका भाई है। जानकारी पर जिला पार्षद किशोर यादव, सुनिल गुप्ता समेत क्षेत्र के कई लोग थाना पहुंचे। थाना प्रभारी से मिलकर कार चालक की गिरफ्तारी और वाहन जब्त करने की मांग की गई। नंबर के आधार पर पुलिस को जानकारी हुई कि कार बागबेड़ा प्रधान टोला निवासी सोमनाथ सिंह की है।

बागबेड़ा प्रधान टोला निवासी संतोष सिंह की पुत्री रितू सिंह अपने घर से एनआइसीटी कंप्यूटर संस्थान क्लास करने को आ रही थी। रेलवे हाई स्कूल के सामने लाल बिल्डिंग से बागबेड़ा थाना रोड की ओर जा रही कार ने उसे धक्के मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे टाटा मुख्य अस्पताल भिजवाया गया। रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। शोक में एनआइसीटी कंप्यूटर संस्थान गुरुवार को बंद रहेगा। रितू सिंह के पिता संतोष सिंह साकची ओम शक्ति ट्रांसपोर्ट में काम करते हैं।