RANCHI: राजधानी रांची सहित पूरे राज्य की सड़कों को दुर्गा पूजा यानी 15 अक्टूबर तक चकाचक करने का निर्देश मुख्यमंत्री ने पथ निर्माण विभाग को दिया है। मुख्यमंत्री ने सचिव को निर्देश दिया है कि विभाग की जितनी भी सड़कें झारखंड में हैं उनको 15 अक्टूबर यानी दुर्गा पूजा शुरू होने से पहले हर हाल में ठीक कर लिया जाए। मालूम हो कि बरसात के कारण शहर की सभी सड़कों की हालत खराब है। कई जगह गढ्डे हो गए हैं इसलिए उनको दुरुस्त करना का निर्देश मुख्यमंत्री ने दिया है। गौरतलब हो कि राजधानी में सभी सड़कों की विशेष मरम्मत चल रही है। 15 अक्टूबर तक सभी सड़कों की मरम्मत का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।

अधिकतर सड़कों में गड्ढे

बरसात के कारण शहर की सभी सड़कों में गढ्डे हो गए हैं। इस कारण कई जगह थोड़ी बारिश होने पर भी पानी भर जाता है। सड़क खराब होने के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इसलिए पथ निर्माण विभाग शहर की सभी सड़कों को दुरुस्त करने का कार्य शुरू कर चुका है। इसके लिए सभी जिलों के कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया गया है कि जितनी भी सड़कें हैं उसकी विशेष मरम्मती का कार्य जल्द ही शुरू किया जाए।

वर्जन

सीएम ने सभी सड़कों की विशेष मरम्मती का निर्देश दिया है। इसके बाद पथ निर्माण विभाग के सभी कार्यपालक अभियंताओं को निर्देश दिया गया है कि वे अपने जिले में जितनी भी सड़कें हैं वहां पर विशेष मरम्मत का कार्य तत्काल शुरू करें ताकि 15 अक्टूबर दशहरा के पहले सभी सड़कों को ठीक किया जा सके।

आरबी सिंह, इंजीनियर इन चीफ, पथ निर्माण विभाग रांची