- लूट के मामले में पुलिस ने शक के आधार पर लूट का शिकार बने पंप कर्मी को उठाया तो हो गया बवाल

SORAON (JNN):

दस लाख की लूट के मामले में शक के आधार पर लूट का शिकार बने पेट्रोल पंप कर्मी को पुलिस ने उठाया तो बवाल हो गया। कर्मचारी के परिजनों व गांव वालों ने पंप मैनेजर की मिलीभगत बताते हुए पेट्रोल पंप पहुंचकर मारपीट की। यही नहीं गुस्साए लोगों ने पंप में तोड़फोड़ भी की।

दस लाख की हुई थी लूट

सोरांव थाना क्षेत्र में हाईवे पर कुरगांव के पास स्थित पेट्रोल पंप का कर्मचारी राहुल एक सप्ताह पहले दस लाख कैश लेकर शहर के लिए निकला था। शहर में जाकर कैश जमा करना था। इसी बीच वह लूट का शिकार हो गया। मामले की छानबीन कर रही पुलिस ने शक के आधार पर सोमवार को पूछताछ के लिए राहुल को ही उठा लिया। इसके बाद उसके घर वाले आक्रोशित हो उठे। घर वालों का कहना था कि पंप मैनेजर ने पुलिस को उल्टा सीधा बताया है। इसके बाद राहुल के परिजन गांव वालों के साथ पेट्रोल पंप पहुंच गए। वहां पंप के मैनेजर से मारपीट की गई। पंप पर रखे गमलों को तोड़ डाला गया। घटना के बाद पंप मैनेजर ने पुलिस को सूचना देते हुए राहुल के परिवार वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।