PATNA : पटना में बदमाश पुलिस को खुलेआम चुनौती दे रहे हैं। अभी एटीएम चोरी के आरोपी पकड़े भी नहीं गए, इससे पहले ही राजीव नगर थाना क्षेत्र के जय प्रकाश नगर स्थित बंधन बैंक के कर्मचारियों को बंधक बनाकर सात डकैत 7.89 लाख रुपए लूट कर भाग गए। हथियारों से लैस नकाबपोश डकैत फिल्मी स्टाइल में बैंक के अंदर आए और महज 10 मिनट में घटना को अंजाम देकर भाग गए। मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

सीसीटीवी, डीवीआर ले गए

डकैत इतने शातिर थे कि मौके पर एक भी क्लू नहीं छोड़े। बैंक में आने के डकैत सीधे कैश कमरे में गए। वहां से रुपए लूटने के बाद दूसरे कमरे में गए। कर्मचारियों से कहा कि सीसीटीवी कैमरा कहां लगा है। उन लोगों ने कैमरा उखाड़ लिया। इसके बाद डीवीआर, कर्मचारियों के मोबाइल और टैब लेकर भाग गए।

कर्मचारियों को फ्लैट में बंदकर भाग गए

जय प्रकाश नगर स्थित एक मकान के पहले मंजिल पर बैंक है। फ्लैट में चार कमरे हैं। तीन कमरे में बैंक का काम होता है। डकैती को अंजाम देने के बाद बैंक के कर्मचारियों को फ्लैट में बाहर से बंद कर भाग गए। घटना के समय बैंक में मात्र एक कस्टमर था। बदमाश उसका मोबाइल नहीं ले गए। बाद में बैंक के कर्मचारी उसी के मोबाइल से कर्मचारी रवि को फोन किया। रवि जब आया तो उसने दरवाजा खोला।

2 माह पहले बैंक हुआ था शिफ्ट

बंधन बैंक की यह शाखा 2009 से राजीव नगर 18 नंबर गली में थी। दो महीने पहले जय प्रकाश नगर में बैंक की शाखा को शिफ्ट किया गया था। बैंक में कुल 7 कर्मचारी हैं। घटना के समय बैंक में कुल तीन कर्मचारी मौजूद थे।

बैंककर्मी भी संदेह के घेरे में

इस घटना के बाद बैंक के कर्मचारी भी संदेह के घेरे में हैं। सबसे बड़ा सवाल ये है कि अगर कोई बदमाश कमरे में घुसेगा और कर्मचारियों का मोबाइल लेकर जाएगा तो कस्टमर का मोबाइल क्यों छोड़ देगा। बदमाशों को कैसे पता चला कि बैंक में सिर्फ तीन ही कर्मचारी हैं।

हिले तो मार दूंगा गोली

मेरा नाम श्याम कुमार है। दोपहर के करीब 3 बजे थे। उस समय कैश काउंट कर रहा था। इस दौरान तीन नकाबपोश कमरे में प्रवेश हुए। आते ही उन लोगों ने मेरे माथे पर रिवॉल्वर तान दिया। उन लोगों ने गाली देते हुए कहा कि कैश कहां है। इस पर मैंने कहा कि मुझे नहीं पता। एक बदमाश ने कड़क आवाज में पूछा कि कैश कहां है। मैं कुछ बोलता इससे पहले ही उसने कहा कि जल्दी बताओ, नहीं तो छह की छह गोली तुम्हारे भेजे में घुसा दूंगा। (कैशियर ने जैसा दैनिक जागरण आई नेक्स्ट को बताया)