सराफा का था घर

रेशम कटरा में सराफा की शॉप चलाने वाले अनिल कुमार सेठ का चौक बड़ी पियरी में दो मंजिला मकान है। नीचे के फ्लोर पर अनिल अपनी पत्नी संगीता और बेटी तनीषा के साथ रहते हैं जबकि ऊपर के फ्लोर पर अनिल का छोटा भाई अरविंद पत्नी गीता संग रहता है। घर में लूटपाट का शिकार हुई संगीता ने पुलिस को बताया कि दोपहर में वो कमरे में लेटी हुई थी। तभी डोर पर नॉक करने की आवाज आई। इस पर उसने अपनी आठ साल की बेटी तनीषा से दरवाजा खोलने को कहा। गेट के बाहर साईं राम का नाम लेकर कुछ लोग चिल्ला रहे थे। इस पर जब तनीषा ने गेट खोला तो एक युवक साईं का प्रसाद बोलते हुए घर में आ घुसा। तनीषा ने उसे रोका तो उसे धक्का मार जबरन अंदर आ गया। उसके साथ तीन अन्य युवक भी घुस आये और चारों ने संगीता के कमरे में पहुंच संगीता को कट्टा सटाकर उसके गले से लॉकेट के साथ पड़ी सोने की चेन और अंगूठी को उतरवा लिया।

बेटी भागी ऊपर

नीचे बदमाशों को लूटपाट करते देख बेटी तनीषा ऊपर के फ्लोर पर चाची गीता के पास भागी और उन्हें नीचे मां के साथ हो रही छीनाझपटी की जानकारी दी। तनीषा की बात सुन गीता ने अपने कमरे का दरवाजा बंदकर खुद को तनीषा के साथ किचन में कैद कर लिया। इसके बाद रोशनदान को तोड़ बाहर मौजूद लोगों से मदद की गुहार लगाने लगी। इस पर बदमाश खुद पर खतरा मंडराता देख भाग निकले। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की लेकिन लुटेरों का कोई सुराग नहीं मिला।

व्रत के चलते हो गई बेहोश

संगीता नवरात्र में नौ दिन का व्रत रखती है। ऐसे में पुलिस और आसपास के लोगों ने जब उसके घर पहुंच उससे लूट के बाबत पूछताछ की तो संगीता लोगों को घटनाक्रम बताते बताते बेहोश हो गई। संगीता के मुताबिक घर में घुसे चारों युवकों ने मुंह बांध रखा था।