- सचेंडी में हुई वारदात, बदमाशों की आहट से कोटेदार की नींद खुली, ललकारा तो फायरिंग कर भाग निकले

KANPUR: सचेंडी के पलरा गांव में शुक्रवार को असलहों से लैस बदमाशों ने कोटेदार के घर पर धावा बोल दिया। बदमाशों की आहट पाकर कोटेदार ने उनको ललकारा तो वे फायरिंग करते हुए भाग निकले। इधर, फायरिंग की आवाज से गांव में अफरा तफरी मच गई। कोटेदार के पड़ोसी ने बदमाशों का पीछा किया तो बदमाशों ने उन पर फायर झोंक दिया। छर्रे लगने से वह घायल हो गए। पुलिस को मौके से तीन कारतूस बरामद हुए हैं। एसओ ने पीडि़त की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी।

दीवार फांद कर अंदर घुसे

पलरा गांव निवासी छेदालाल कुशवाहा कोटेदार व किसान हैं। वह रात को छत पर सो रहे थे। तभी असलहों से लैस कुछ बदमाश दीवार फांदकर घर में घुस गए। इसके बाद वे खिड़की की जाली काटकर कमरे में घुस गए। जहां उन लोगों ने अलमारी से 15 हजार रुपये, कुछ जेवर और अन्य सामान लूट लिया। इसी बीच उनकी आहट सुनकर छेदालाल की नींद खुल गई। छेदालाल ने शोर मचाकर बदमाशों को ललकारा तो वे फायरिंग कर भाग निकले। छेदालाल के पड़ोसी ननका समेत कुछ ग्रामीणों ने बदमाशों का काफी दूर तक पीछा किया। जिसे देख बदमाशों ने ननका पर फायरिंग कर दी। ननका हाथ में छर्रे लगने से घायल हो गया।

टारगेट पर थे दो और मकान

बदमाशों के टारगेट पर दो अन्य ग्रामीणों के मकान भी थे। उन लोगों ने मकान में घुसने की कोशिश की, लेकिन उन लोगों के जाग जाने से वे बैरंग लौटे और छेदालाल के घर को निशाना बनाया।

एक घंटे बाद पुलिस पहुंची

ग्रामीणों ने काफी दूर तक बदमाशों का पीछा किया था। इस दौरान ग्रामीणों ने 100 नंबर और कंट्रोल रूम में भी जानकारी दी, लेकिन कोई अफसर वहां नहीं पहुंचा। करीब एक घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची, जिससे उनको भागने का मौका मिल गया।