- चक्के के बैरिंग में आई खराबी

BAREILLY:

परिवहन निगम की कबाड़ हो चुकी बसें यात्रियों की सुखद यात्रा में रोड़ा बन रही हैं। जर्जर बसें किसी भी समय बंद पड़ जाती हैं। संडे को भी बदायूं की ओर जा रही बरेली डिपो की बस बीच रास्ते ही बंद हो गई। यात्रियों को लगेज सहित नीचे उतरना पड़ा। घंटों इंतजार के बाद जब दूसरी बस आई तो यात्रियों को गंतव्य स्थान के लिए ले गई।

बदायूं की ओर जा रही थी बस

बरेली डिपो की बस 38 टी 2019 संडे को यात्रियों को लेकर नॉवेल्टी बस स्टेशन से दोपहर 12.15 पर निकली। मुख्य डाकघर पास कैंट गेट से एंट्री की ही थी कि चंद कदम की दूरी पर बस में खराबी आ गई। चक्के के अंदर का बैरिंग खराब हो गया और बस बंद पड़ गई। चालक इकबाल ने यात्रियों से उतर जाने को कहा। उसका कहना था कि बस में खराबी आ गई है आगे नहीं जा सकती है। जिसके बाद यात्रियों को अपने लगेज के साथ नीचे उतरना पड़ा।

दो दर्जन से अधिक यात्री थे सवार

बस में करीब दो दर्जन यात्री सवार थे। जो कि लगेज के साथ मौके पर ही दूसरी बस का इंतजार करते रहे। काफी देर के बाद जब दूसरी बस आई तो उसमें सवार होकर गये। वहीं खराब पड़ी बस को वर्कशॉप ले जाया गया। इससे पहले भी परिवहन निगम की बसें बीच रास्ते धोखा दे चुकी है।