- सड़क किनारे टहलने में गई जान, झंगहा एरिया के गहिरा में हुई घटना

GORAKHPUR: सड़क किनारे टहलना भी अब मौत को दावत देने से कम नहीं है। व्हीकल ड्राइवरों की लापरवाही और रफ ड्राइविंग से मार्निग वॉक पर जाना खतरे से खाली नहीं रहा। सोमवार की सुबह कुछ ऐसा ही मामला सामने आया, जहां मॉर्निग वॉक करने गए सीनियर सिटिजन की तेज रफ्तार बाइक ने जान ले ली। झंगहा एरिया के गहिरा में यह घटना हुई, जिसके बाद से मार्निग वॉकर्स में खौफ है।

रोजाना टहलने जाते थे रामजी

गहिरा निवासी रामजी मौर्या रोजाना टहलने जाते थे। सोमवार की सुबह करीब पांच बजे वह अकेले सड़क पर निकले। पेट्रोल पंप के पास पहुंचे तभी तेज रफ्तार बाइक चपेट में आ गए। देवरिया से गोरखपुर आ रहे व्हीकल ने उनको टक्कर मार दी जिससे उनकी जान चली गई। पेट्रोल पंप कर्मचारियों के दौड़ाने पर बाइक सवार फरार हो गया। उनके मौत की सूचना पर गांव के लोग जमा हो गए। रामजी के भतीजे तूफानी की तहरीर पर पुलिस ने लापरवाही पूर्वक गाड़ी चलाकर जान लेने का मुकदमा दर्ज कर लिया।

खतरनाक हुआ सड़क पर मार्निग वॉक

सुबह सवेरे टहलने जाना खतरनाक होता जा रहा है। टहलने वालों की अनदेखी करके व्हीकल चालक तेज रफ्तार से चलते हैं। इससे लगातार प्रॉब्लम बढ़ती जा रही है। चार दिन पहले शाहपुर एरिया के सरस्वतीपुरम में जेल बाईपास पर टहलने गए युवक की जान चली गई थी। सरस्वतीपुरम निवासी शेख अब्दुल्ला का बेटा अबुजेहाद बृहस्पतिवार की सुबह करीब चार बजे टहल रहा था। तभी तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गया। इसके अलावा चौरीचौरा एरिया में हाइवे किनारे में दौड़ लगाने वाले युवक की जान चली गई थी। चार अन्य घायल हो गए थे।

हाइवे पर टहलने मे बरते सावधानी

मार्निग वाक करना सेहत के लिए जरूरी है लेकिन यह जान पर न बन आए। इसके लिए सावधानी बरतनी होगी। हाइवे पर टहलने से परहेज बेहद जरूरी है।

1. हाइवे के बजाय किसी लिंक रोड पर टहलने जाएं। खाली सड़क पर एक्सीडेंट का खतरा नहीं होगा।

2. ट्रैफिक कम होने से सड़क खाली होने की गलतफहमी न पालें।

3. सुबह के समय ड्राइवर्स को झपकी ज्यादा आती है। इससे व्हीकल के बेकाबू होने का खतरा होता है।

4. सड़क पर टहलने के दौरान पूरी तरह से चौकन्ना रहें।

5. अंधेरा होने पर टहलने से बचें। उजाला होने पर व्हीकल चालक ठीक से देख सकते हैं।

झंगहा एरिया में एक्सीडेंट से एक व्यक्ति की मौत हो गई। उनके फैमिली मेंबर्स की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है।

- ब्रजेश सिंह, एसपी ग्रामीण