prayagraj@inext.co.in
PRAYAGRAJ: किन्नर अखाडे़ की देवत्व यात्रा (पेशवाई) ने रविवार को प्रयागराज की सड़कों पर इतिहास रच दिया। प्रयागराज की धरती पर पहली बार कुंभ में शामिल होने पहुंचे किन्नर अखाड़े की देवत्व यात्रा के दौरान पूरे रास्ते जनसमुद्र हाथों पर पुष्प लेकर स्वागत करता दिखाई दिया। हर तरफ लोग अखाड़ा के संतों की एक झलक पाने को बेकरार दिखे। इस दौरान किन्नर अखाड़ा प्रमुख आचार्य महामंडलेश्वर लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी ने भी प्रयागराज के लोगों को अभिवादन स्वीकार करते हुए उन्हें आशीष दिया।

राम भवन चौराहे से शुरुआत
अखाड़ा प्रमुख आचार्य महामण्डलेश्वर स्वामी लक्ष्मीनारायण त्रिपाठी ने रामभवन चौराहा स्थित भगवान शिव के मंदिर में विधि विधान से पूजन-अर्चना की। इस दौरान हर तरफ हर-हर महादेव और श्रीराम के नारे गूंजते रहे। सबसे आगे बघ्घी पर भगवान महाकाल की सवारी चल रही थी और उसके बाद सजे हुए ऊंट पर किन्नर अखाडे़ के आचार्य महामण्डलेश्वर स्वामी लक्ष्मीनारायण त्रिपाठी महाराज अखाडे़ के अन्य संत-महात्माओं के साथ घोडे़, बघ्घी सहित अन्य वाहनों के साथ लोगों को आशीर्वाद देते हुए चलते रहे।

आकर्षक झांकियों ने मोहा मन
किन्नर अखाड़ा की देवत्व यात्रा के दौरान कई आकर्षक झांकियां भी प्रस्तुत की गई इस दौरान शिव डमरु और बैण्ड बाजे भी बज रहे थे, जिस पर हर कोई झूमता नजर आया। इससे सड़क पर कई स्थानों पर जाम लग गया। किन्नर अखाडे़ के संत-महात्माओं के दाएं हाथ में तलवार थी। वह लोगों को आशिर्वाद देते हुए चल रहे थे। इस दौरान बड़ी संख्या में बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग और युवाओं की भीड़ किन्नर अखाड़ा के संत-महात्माओं का स्वागत करते हुए आशिर्वाद ले रहे थे। अलोपीबाग स्थित शंकराचार्य आश्रम पहुंचकर जगदगुरु स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती का पूजन कर कुंभ मेलाक्षेत्र के सेक्टर-12 में लगे शिविर के लिए प्रस्थान किया। शिविर में पहुंचने पर सभी का भव्य स्वागत हुआ। अंत में सभी ने भण्डारे का प्रसाद ग्रहण किया।

यह संत हुए शामिल
देवत्व यात्रा में शामिल प्रमुख संत-महात्मा देवत्व यात्रा में किन्नर अखाडे़ की उत्तर भारत की प्रभारी महामण्डलेश्वर भवानी मां, महामण्डलेश्वर डॉ। राजराजेश्वरी, शिवप्रिया, अंतर राष्ट्रीय सेविका महामण्डलेश्वर कामिनी कोहली, महामण्डलेश्वर मयूरी माई, संजना माई, रिषी अजयदास, दुर्गादास, प्रभारी पीठाधीश्वर पवित्रा, डाली माई, पुष्पामाई जयपुर, पायल माई, गंगामाई शोभा माई, रजनी रावत, आशा माई, सोनिया माई, प्रांजल, प्रिया माई, देवी माई, किरन माई, अनीता माई, सोनिया माई, पिंकी माई, प्रीती माई, हसीना माई सहित बड़ी संख्या में संत-महात्मा थे।

विधायक ने किया स्वागत
किन्नर अखाड़ा के देवत्व यात्रा का स्वागत करने में आम लोगों के साथ ही विधायक आदि भी जुटे रहे। देवत्व यात्रा का स्वागत मेजा की विधायक नीलम करवरिया ने रामभवन चौराहे पर किया। बाई का बाग एरिया में भी अधिवक्ता निखिल पाण्डेय और उनकी टीम ने स्वागत किया। कुंभ मेले की सबसे बड़ा अन्नक्षेत्र चलाने वाली संस्था ओम नम: शिवाय के शांतनु सिंह के नेतृत्व में बडी संख्या में श्रद्धालुओं ने देवत्व यात्रा का फूल और मालाओं से भव्य स्वागत किया।

सुरक्षा व्यवस्था रही सख्त
किन्नर अखाडे़ की देवत्व यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था सख्त रही। भारी पुलिस बल, कई कंपनी पीएसी और पैरामिलिट्री के जवान एवं अधिकारी तैनात थे। किन्नर अखाडे़ के 200 बाउंसर मुम्बई से आ गये थे। वह किन्नर संत-महात्माओं को सुरक्षा घेरे में लेकर चल रहे थे जिससे भीड़ एकत्र नहीं हो पा रही थी। एसएसपी नितिन तिवारी ने बैरहना में देवत्व यात्रा का स्वागत किया।