दो सिपाही सस्पेंड, चोरी हुई या नदी में गिरी, नहीं चल रहा पता

ALLAHABAD: सोमवार की देर रात यमुना पुल पर ड्यूटी के दौरान एक आरपीएफ जवान की राइफल गायब हो गई। कार्रवाई में अधिकारियों ने दो जवानों को सस्पेंड किया है। राइफल यमुना नदी में गिरी या चोरी हुई, इसकी जानकारी नहीं हो सकी है। जिस समय राइफल गायब हुई, उस समय आरपीएफ जवान नींद में थे।

यमुना पुल पर तैनात रहते हैं जवान

नैनी यमुना पुल पर शाम ढलने के बद चोर व बदमाश सक्रिय हो जाते हैं, जो ट्रेन में सवार पैसेंजर्स का मोबाइल, बैग आदि लूट कर भागते हैं। रेलवे अधिकारियों की मानें तो आस-पास की बस्तियों के युवक इस तरह की घटनाओं को अंजाम देते हैं। आए दिन हो रही घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए यमुना पुल पर पूरी रात आरपीएफ के जवान तैनात रहते हैं।

ड्यूटी के दौरान लगी नींद

सोमवार की रात आरपीएफ के सिपाही शिवशंकर यादव और रविशंकर की यमुना पुल पर ड्यूटी लगाई गई थी। आधी रात के बाद ड्यूटी के दौरान दोनों जवानों को नींद लग गई। नींद खुली तो शिवशंकर यादव की राइफल गायब थी। इसकी सूचना इलाहाबाद पोस्ट पर दी गई। राइफल गायब होने की जानकारी मिलते ही हड़कंप मच गया।

यमुना में नहीं मिली राइफल

यमुना नदी में राइफल गिरने की आशंका के मद्देनजर नाविकों व गोताखोरों की मदद ली गई। आधी रात से लेकर मंगलवार दोपहर करीब एक बजे तक यमुना नदी में राइफल खोजी गई, लेकिन उसका पता नहीं चला।

कहीं चोरी तो नहीं हुई

राइफल नदी में गिरी या चोरी हुई, अभी ये स्पष्ट नहीं है। क्योंकि जिस समय राइफल गायब हुई, उस समय दोनों जवान नींद में थे। काफी खोजबीन के बाद भी राइफल न मिलने पर संभावना जताई जा रही है कि राइफल कहीं चोरी तो नहीं की गई है। नैनी पुल पर आस-पास की बस्तियों के युवक टहलते रहते हैं।

कीडगंज में प्राथमिकी दर्ज

प्रथम दृष्टया जांच में आरपीएफ जवानों की लापरवाही सामने आने पर दोनों जवानों को सस्पेंड कर दिया गया है। कीडगंज थाने में राइफल गायब होने की प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

राइफल चोरी हुई या नदी में गिरी इसकी जांच चल रही है। फिलहाल लापरवाही के आरोप में दोनों जवानों को सस्पेंड कर दिया गया है।

पीके राणा, इंस्पेक्टर, आरपीएफ पोस्ट, इलाहाबाद