मुट्ठीगंज थाने के कांस्टेबल ने राइफल देखने के बाद निकलवाया

ALLAHABAD: यमुना पुल पर ड्यूटी के दौरान गायब आरपीएफ जवान की इंसास राइफल यमुना नदी में कीचड़ में दबी हुई मिली। इसे मुट्ठीगंज थाने में तैनात कांस्टेबल सुनील कुमार यादव ने बरामद किया। राइफल बरामद करने पर एसएसपी नितिन तिवारी ने कांस्टेबल को पांच हजार रुपये के नगद इनाम से पुरस्कृत किया।

सस्पेंड किए गए हैं जवान

आरपीएफ के सिपाही शिवशंकर यादव और रविशंकर सोमवार की रात यमुना पुल पर सुरक्षा में तैनात थे। तभी रात में शिवशंकर की राइफल गायब हो गई थी। राइफल यमुना नदी में गिरने की आशंका में खोजबीन की गई थी, लेकिन वह नहीं मिली। लापरवाही में दोनों जवानों को सस्पेंड कर दिया गया था। मुकदमा कीडगंज थाने में दर्ज कराया गया था। कीडगंज पुलिस के साथ ही मुट्ठीगंज थाना पुलिस भी राइफल की तलाश में लगी थी। बुधवार सुबह मुट्ठीगंज थाने में तैनात कांस्टेबल सुनील कुमार यादव की नजर यमुना नदी के पास कीचड़ में पड़ी, जहां राइफल का पूरा हिस्सा दबा हुआ था, कुछ हिस्सा दिखाई दे रहा था।