- सुनारी में हुए समरसता संगम में दिया एकता का मंत्र

- समतायुक्त-शोषणमुक्त समाज के लिए एक होना जरुरी

आगरा। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत ने कहा संपूर्ण समाज में समरसता स्थापित करना संघ का ध्येय है। अमरीका के 16वें राष्ट्रपति अब्राहम लिंकन का कहना था कि बिखरा हुआ घर कभी खड़ा नहीं हो सकता। इसलिए समूह को खड़ा करने के लिए एकता की जरुरत है।

हम देश के और देश हमारा

सुनारी गांव में आरएसएस के समरसता संगम के अवसर पर संघ प्रमुख ने समाज को एकता के सूत्र में पिरोने का संदेश देते हुए कहा कि हमें टूटा हुआ दर्पण दिखाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि हम कई देशों की संस्कृति का जमावड़ा हैं, जबकि हम एक हैं। ऐसे में हम अपनों से ही अलग-अलग व्यवहार कर रहे हैं। इसलिए आवश्यक है कि समता युक्त, शोषण मुक्त समाज के लिए हमें एक होना होगा। उन्होंने कहा कि हिन्दुस्तान में हिन्दुओं की संख्या बड़ी है। अगर हिन्दू 'हिन्दुस्तान' की बात करते हैं तो कुछ लोगों को बड़ा कष्ट होता है। जबकि होना नहीं चाहिए। हिन्दू हिन्दुस्तान की बात नहीं करेगा तो कौन करेगा। भारत हमारी माता है और इसकी एकता, अखंडता की रक्षा करना हमारा कर्तव्य है। हमें विविध रंगों को लेकर चलना होगा और उसका महोत्सव मनाना होगा।

प्यार और युद्ध में सब जायज है

उन्होंने कहा कि जीवन एक संघर्ष है। बलवान हमेशा विजयी होता है और निर्बल हारता है, इसलिए बलवान बनो। जिससे विजय हो। शरीर की एकता जरूरी है। इसके लिए नित्य का अभ्यास करना होगा, जिसका सही स्थान संघ ही है। संघ की शाखा है। हमें आपस में संघर्ष नहीं करना चाहिए और एक रहना चाहिए। अगर ऐसा होता है तो देश में वो सब संभव है, जो होना चाहिए। अखंडता के लिए हम अपनी-अपनी विविधता को लेकर जरूर चलें, लेकिन अलग होकर नहीं एक होकर। हमें वृक्ष की तरह बनना होगा। वृक्ष दिखता है, उसकी जड़ें जमीन के अंदर होती हैं वो नहीं दिखतीं। संघ प्रमुख ने कहा कि हमारे महापुरुषों के आदर्श हमारे आदर्श हैं। कुछ लोग इसे हिन्दू राष्ट्रीयता कहते हैं। ¨हदुओं का कर्तव्य है कि इस आचरण को बनाए रखें। हजारों वर्षो से चली आ रही विषमता की आदत को बदलना होगा।

1.70 लाख चल रहे हैं सेवा कार्य

उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों में एक लाख 70 हजार सेवा के कार्य चल रहे हैं। इनका संचालन स्वयं सेवक ही कर रहे हैं। शाखा में आने वाले स्वयं सेवक मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत होते हैं। जो लोग शाखा में आते हैं, उन्हें और कुछ नहीं मिलता, लेकिन बहुत कुछ मिलता है, शरीर के लिए। उन्होंने शाखाओं की विशेषताओं पर जोर दिया। शाखाओं में देश की संस्कृति से लेकर देश हित में कार्य किए जाने की सीख दी जाती है।

धर्म की शरण में संघ

अलीगढ़ के संत डॉ। बृजेश शास्त्री ने कहा कि अब संघ धर्म की शरण में है। संघ का अपना एजेंडा होता था, लेकिन अब संघ संतों के एजेंडे पर भी कार्य कर रहा है। ये संघ के लिए बहुत ही अच्छी बात है। इससे देश की एकता और अखंडता को और मजबूती मिलेगी। राम मंदिर के मुद्दे पर भी संतों का कहना था कि यह मामला कोर्ट में विचाराधीन है, लेकिन लोगों की धारणा है कि मंदिर का निर्माण वहीं पर हो, लेकिन ऐसा ही होगा। वहीं पर मंदिर का निर्माण होगा क्योंकि लोगों की धारणा ही यही है।