- गर्भवती महिला, बच्चे और बुजुर्गो को बर्थ के लिए देने होंगे प्रमाण पत्र

Meerut। यात्रियों की सुविधा में इजाफा करते हुए रेलवे ने इस सत्र से रेलवे टिकट आरक्षण नियमों में बदलाव किया है। नए नियमों के तहत अब ट्रेनों में सफर करने वाले बुजुर्ग, बच्चे और गर्भवती महिलाओं को अपनी बर्थ आरक्षित कराने और उस पर छूट पाने के लिए संबंधित प्रमाण पत्र देने होंगे। इसके साथ ही राजधानी व शताब्दी ट्रेनों में खाना लेने और नही लेने का विकल्प चुनने का अवसर मिलेगा।

भरना होगा हां का विकल्प

दरअसल रेलवे ने ऑनलाइन और ऑफ लाइन रिजर्वेशन फार्म में बदलाव करते हुए अब कोटे के तहत बर्थ सुविधा या रियायत के लिए हां या नही का विकल्प दिया जाएगा। यदि यात्री कोटे के तहत सुविधा चाहता है तो उसे छूट के लिए हां के विकल्प का चयन कर आवश्यक प्रमाण पत्र दिखाने होंगे। इस विकल्प को चुनने के बाद ही कोटे के तहत लाभ मिलेगा।

ये हुए बदलाव-

- गर्भवती महिलाओं को कोटे के तहत सीट कंफर्म कराने के लिए हां का विकल्प भरना होगा। उसके बाद सीट तभी रिजर्व करने लिए संबंधित चिकित्सक का प्रमाण पत्र देना होगा।

- बुजुर्ग यात्रियों को किराये में रियायत के लिए आरक्षण फार्म पर रियायत के विकल्प का चयन करना होगा। इसके बाद टिकट के रेट में छूट के लिए आयु प्रमाण पत्र देना होगा।

- दिव्यांग और थर्ड जेंडर के लिए अलग से विकल्प चयन करना होगा और उसके साथ ही प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा।

- राजधानी व शताब्दी ट्रेन में भोजन लेने या ना लेने का विकल्प चयनित कर सकेंगे।

- रिजर्वेशन के बाद यदि आपकी ट्रेन मिस हो जाती है तो टीटीई आपकी सीट को अगले दो स्टेशन तक किसी को अलॉट नही करेगा।

वर्जन-

रेलवे के आरक्षण संबंधी नियमों में कुछ बदलाव किए गए हैं। कुछ विकल्प जो ऑनलाइन रिजर्वेशन में थे अब ऑफलाइन रिजर्वेशन में भी जोडे गए हैं और कुछ रियायतों के लिए कागजात जरुरी किए गए हैं।

- आरपी शर्मा, स्टेशन अधीक्षक

---------

टिकट रिजर्वेशन के दौरान यह विकल्प भरने वालों को ही सुविधा मिलनी चाहिए। यह जरुरी है। कई यात्री सुविधा नही चाहते हैं उनके लिए विकल्प होना जरुरी है।

- मीनाक्षी

प्रमाण पत्र तो पहले भी जरुरी था लेकिन अब रिजर्वेशन के दौरान ही प्रस्तुत करना होगा। यह जरुरी है।

- रोहित

जो यात्री लोअर बर्थ या अन्य सुविधा लेना चाहते हैं उन्हें उसका कारण भी बताना चाहिए। तभी जरुरत मंद यात्रियों को इन सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।

- सुधा