-यमुना को स्वच्छ बनाने के लिए इलाहाबादियों ने लगाई दौड़

-मेडिकल कॉलेज से सरस्वती घाट तक हुआ रन फॉर यमुना का आयोजन

-रंगोली व दीपों की रोशनी से जगमगाया बोट क्लब

ALLAHABAD: गंगा के साथ ही प्रयाग नगरी की पहचान यमुना नदी को स्वच्छ बनाने और राष्ट्रीय स्वच्छ यमुना मिशन बनवाने की मांग को लेकर शनिवार को इलाहाबादी रन फॉर यमुना में दौड़े। सुबह यह आयोजन हुआ तो दोपहर में रंगोली व पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता हुई। शाम को दीपदान के साथ ही मां यमुना की आरती उतारी गई।

चल रहा यमुना रीवर फेस्टिवल

राष्ट्रीय स्वच्छता मिशन भारत मिशन के तहत ग्लोबल ग्रीन्स द्वारा दो दिवसीय नेशनल यमुना रीवर फेस्टिवल आर्गनाइज किया गया। यमुना महोत्सव के पहले दिन प्रकृति प्रेमियों ने यमुना को बचाने और स्वच्छ व निर्मल बनाने के लिए रन फॉर यमुना रैली में भाग लिया। मेडिकल कॉलेज चौराहा से नगर आयुक्त देवेंद्र कुमार पांडेय ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। इसमें जगत तारन, सेंट जोसेएफ, महिला सेवा सदन के साथ ही करीब दो दर्जन से अधिक स्कूल कॉलेजों के बच्चे शामिल हुए। जो आओ प्रयाग को स्वच्छ बनाएं, यमुना नदी के अस्तित्व को बचाएं पॉलिथिन का न करें इस्तेमाल, क्योंकि पॉलिथिन वरदान नहीं, बल्कि है अभिषाप आदि नारे लगाते हुए चल रहे थे। मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर, अधिवक्ताओं के साथ ही सामाजिक संगठनों के लोग शामिल हुए।

पांच साल से चल रहा अभियान

ग्लोबल ग्रीन्स के संस्थापक मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि गंगा मिशन की तरह ही राष्ट्रीय स्वच्छ यमुना मिशन भी बनाया जाए। इसी मांग को लेकर ग्लोबल ग्रीन्स लगातार पिछले करीब पांच साल से अभियान चला रहा है। भारत सरकार द्वारा गंगा के साथ-साथ उसके बेसिन में आने वाली सभी प्रमुख नदियों का संरक्षण हो। इलाहाबाद में गंगा के लिए कार्य हो रहा है, लेकिन यमुना के लिए नहीं। यमुना के लिए भी राष्ट्रीय स्वच्छ यमुना मिशन चलाया जाए। यमुना महोत्सव के तहत रन फॉर यमुना रैली के बाद पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। जिसमें विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने अपनी भावनाओं को कैनवस पर रंगों के जरिये बिखेरा। वहीं बोट क्लब के किनारे रंगोली प्रतियोगिता व दीपदान का आयोजन किया गया। सैकड़ों लोगों ने यमुना किनारे पहुंच कर दीपक के साथ ही मोमबत्तियां जलाकर यमुना के किनारे को रौशन किया। शाम को सरस्वती घाट पर विधि-विधान पूर्वक मां यमुना की आरती उतारी गई। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। इस दौरान सीमा श्रीवास्तव, डीडी जोशी, राजेश सिंह, सुधांशु श्रीवास्तव, नीरज श्रीवास्तव, आशीष मालवीय, डा। स्वती सक्सेना, नवीन श्रीवास्तव, प्रशांत त्रिपाठी, स्मिता कंचन, डा। एसपी वर्मा, मीनाक्षी श्रीवास्तव, डा। संजय सिंह, दीनानाथ तिवारी, डा। विभा मिश्रा, डा। पंकज श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।