- छापे के बाद अब तक राजधानी के विभिन्न इलाकों में बंद हैं दो दर्जन से अधिक पेट्रोल पंप

- कई इलाकों में लोगों को पेट्रोल की हो रही है किल्लत

LUCKNOW@next.co.in

LUCKNOW:

राजधानी में अभी भी दो दर्जन से अधिक पेट्रोल पंप बंद हैं। जिससे लोगों को पेट्रोल के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। नतीजन दूसरे पेट्रोल पंपों पर भी लोगों की भीड़ बढ़ रही है। सबसे ज्यादा परेशानी हजरतगंज और गोमती नगर के लोगों को हो रही है। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार राजधानी में छापे मारी के दौरान बंद किए गए पेट्रोल पंपों की जांच चल रही है। दो पेट्रोल पंपों की जांच पूरी हो चुकी है, जल्द ही इनके खोले जाने की तैयारी है।

चलाया गया था अभियान

राजधानी में कुछ माह पूर्व पेट्रोल पंपों पर हो रहे घटतौली के खेल के खिलाफ अभियान चलाया गया था। बहुत सी जगहों पर चिप लगाकर चोरी के खेल सामने आए थे। इस पर एक के बाद एक कई पेट्रोल पंप बंद किए गए थे। राजधानी में 28 पेट्रोल पंप सीज किए गए थे।

बंद चल रहे पेट्रोल पंप

गोमती नगर और इसके आस-पास चार से अधिक पेट्रोल पंप बंद चल रहे हैं। इनमें चिनहट में चिनहट सर्विसिंग सेंटर, फन मॉल के निकट ब्रज ऑटो केयर, एचएएल के निकट आरकेबीके और पॉलीटेक्निक के पास का सत्यम फिलिंग सेंटर शामिल है। ऐसे में इस एरिया के लोगों को पेट्रोल भराने के लिए अन्य इलाकों तक दौड़ लगानी पड़ती है। कुछ ऐसा ही हाल हजरतगंज क्षेत्र का भी है। चौक में लालता प्रसाद एंड संस के दो पेट्रोल पंप बंद हैं। इसके अलावा हाथी पार्क के सामने फ्यूल वन भी अब तक बंद है।

राजधानी में पेट्रोल पंपों की जांच चल रही है। जांच के बाद ही उनके बारे में कुछ कहा जा सकता है। अभी उनके बारे में कुछ कहना जल्दबाजी होगी।

चंद्र प्रकाश, एडीएम आपूर्ति

जिला प्रशासन

्र

इन इलाकों में यह पेट्रोल पंप हैं बंद

फैजाबाद रोड- साकेत फिलिंग स्टेशन

मडि़यांव- स्टैंडर्ड फ्यूल

सीतापुर - मान फिलिंग स्टेशन

गोमती नगर फन मॉल के निकट- ब्रज ऑटो केयर

चौक- लालता प्रसाद एंड संस

कैंट पुल के नीचे- शिव नारायण एंड संस

सीतापुर रोड- लालता प्रसाद एंड संस

चौक- लखनऊ फिलिंग स्टेशन

मोहनलाल गंज- पंचजन्य फिलिंग स्टेशन

चारबाग- गणेशदास राम गोपाल

सरोजनी नगर- विनायक फिलिंग स्टेशन

पीजीआई के निकट- अनुराग ऑटोमोबाइल

अशोक मार्ग- प्रकाश ऑटो मोबाइल

हाथी पार्क के सामने- फ्यूल वन

इटौंजा- शहीद हरी सिंह फिलिंग स्टेशन

इटौंजा- साई ऑटो स्टेशन

एचएएल के निकट- आरकेबीके

मलिहाबाद- मलिहाबाद सर्विस स्टेशन

पॉलीटेक्निक चौराहे के निकट- सत्यम फिलिंग स्टेशन

सीतापुर-स्टैंडर्ड फ्यूल

चिनहट-चिनहट सर्विस स्टेशन

अलीगंज-मिश्रा ऑटो मोबाइल

फैजाबाद रोड- गोयल ऑटोमोबाइल

काकोरी- रिपब्लिक सर्विस स्टेशन

जल्द ही खुलने वाले दो स्टेशन

विधान सभा मार्ग - पॉयनियर सब स्टेशन

चांदन, इंदिरा नगर- चांदन फिलिंग स्टेशन

जब से पेट्रेाल पंप बंद हुए हैं तब से घर से निकलते और लौटते वक्त हमेशा पेट्रोल का ध्यान रखना पड़ता है। लंबा चक्कर लगाकर पेट्रोल लेने जाना अलग बात है लेकिन गाड़ी खींचने की नौबत नहीं आनी चाहिए।

मनोज पटेल, कैंट

पेट्रोल पंपों को बंद कर सरकार ने उचित कदम उठाया। लोगों की जेब कटने से बचाई। लेकिन उसके साथ ही उसे जनता की परेशानी के बारे में भी सोचना चाहिए। पेट्रोल पंप बंद होने से लोगों को अन्य इलाकों तक पेट्रोल लेने जाना पड़ रहा है।

योगेन्द्र सेठ, हजरतगंज

गोमती नगर और उसके आस-पास इलाके के चार पेट्रोल पंप बंद होने से यहां पर समस्या बड़ी है। इन इलाकों में बंद हुए पेट्रोल पंपों को खुलवाने के बारे में जल्द से जल्द कदम उठाए जाने चाहिए। सबसे अधिक प्रभावित यही क्षेत्र है।

शराफत, गोमती नगर

छापेमारी के बाद पेट्रोल पंप बंद करना सराहनीय कदम है। लेकिन इससे क्षेत्र में खासी समस्या खड़ी हो गई है। पेट्रोल भराने के लिए अक्सर सात से आठ किमी का अतिरिक्त सफर करना पड़ रहा है।

प्रवीण वाजपेई, गोमती नगर