-चंद घंटों में काफूर हो गया सुहावने मौसम का मजा, दोपहर बाद उमस से बेहाल हुए लोग

ALLAHABAD: शुक्रवार की सुबह लोगों के लिए कुछ राहत लेकर आया। सुबह से ही आसमान पर बदलों का डेरा नजर आया। 10 बजे तक आसमान पर काले बादलों का मंडराना शुरू हो गया। ऐसे में लोगों को पक्का यकीन हो गया था कि झमाझम बरसात होगी। कुछ ही देर में आसमान में बादलों की तेज गड़गड़ाहट के साथ बारिश की शुरुआत हुई तो तकरीबन एक घंटे तक झमाझम पानी बरसा। इससे लोगों को भारी उमस और गर्मी से राहत मिली। लेकिन यह सुकून बहुत देर तक नहीं रह सका। दोपहर बाद धूप निकली तो लोग उमस से बेहाल हो गए।

कई जगह धंस गई गाडि़यां

एक्टिव मॉनसून की पहली बरसात ने लोगों को जमकर भींगने का भी मौका दिया। हालांकि, लोगों को शहर में खोदी गई सड़कों पर आने-जाने के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई जगहों पर बिखरी पड़ी मिट्टी और गिट्टी पर बारिश के पानी से फिसलन भी देखने को मिली। जिससे लोग गिरते-पड़ते अपने गन्तव्य तक पहुंचे। कई जगहों पर सड़कों पर गाडि़यां धंस गई।

36 डिग्री में भी पसीना पसीना

उधर, बरसात के बाद लोगों की राहत दोपहर बाद तक काफूर होते भी दिखी। जमीन के अंदर भरी गर्माहट ने तेजी से सड़क पर गिरे पानी को ज्यों ही सोखा। फिर एक बार भारी उमस ने लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। घर और ऑफिसेस से बाहर निकलने वाले लोग चंद मिनटों में ही पसीने-पसीने होते नजर आए। इससे लोगों की जुबान पर एक ही बात रही कि ऐसी बारिश से क्या फायदा ? दिन में हुई बारिश के थमने से लोग रात में भी उमस से परेशान रहे। शुक्रवार को दिन का तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

आईएमडी से प्राप्त जानकारी के मुताबिक अभी अगले दो चार दिनो तक तापमान में राहत मिलने के आसार नहीं है। इस दौरान अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा।

-डॉ। बिस्वरूप मेहरा, ग्रामीण कृषि मौसम सेवा शुआट्स