समाजसेवा के लिए तत्पर रहते हैं अभिषेक, सबकी करते हैं मदद

बच्चों को दिलाते हैं शिक्षा, महिलाओं के लिए शुरू की हेल्पलाइन

ALLAHABAD: कुछ लोग 'नेकी कर दरिया में डाल' की कहावत को चरितार्थ करते हैं। अधिवक्ता और समाजसेवी अभिषेक सिंह चौहान भी ऐसे ही शख्स हैं। जरूरतमंदों के बीच 'बजरंगी भाईजान' की छवि बना चुके इस युवा ने समाजसेवा में कई मिसाल कायम की है। यौन उत्पीड़न और घरेलू हिंसा से जूझ रही महिलाओं के लिए उन्होंने पिछले वर्ष रक्षाबंधन के मौके पर हेल्पलाइन 9839238666 चालू की थी। लोगों को मुफ्त कानूनी मदद मुहैया कराने के जज्बे को देखते हुए उप्र शासन ने उन्हें इलाहाबाद हाईकोर्ट में राज्य विधि अधिकारी नियुक्त किया है।

महिला को घर पहुंचा हुए चर्चित

हाल ही में एक ऐसी घटना घटी जिसने अभिषेक को चर्चित कर दिया। कोलकाता से दिल्ली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने निकली 65 वर्षीय महिला प्रतिभा मुखर्जी का सामान रास्ते में बदमाशों ने लूट लिया। वह असहाय अवस्था में इलाहाबाद जंक्शन पर भटक रही थी। अभिषेक ने अथक प्रयास कर महिला को उनके घरवालों से मिलाया और यहीं से लोग उन्हें बजरंगी भाईजान बुलाने लगे। उन्होंने अतरसुइया में चाय वाले की बेटी और वॉलीबाल खिलाड़ी के इलाज में आर्थिक सहायता भी अभिषेक ने की।

आधी कमाई करते हैं दान

जरूरतमंदों की सहायता में अभिषेक वकालत से होने वाली आधी कमाई हर माह दान कर देते हैं। उन्होंने मरणोपरांत अंगदान का संकल्प भी लिया है। उनके इसी जज्बे को देखते हुए 26 जनवरी 2015 को उप्र पुलिस ने उन्हें सम्मानित किया था। उनकी संस्था लोक उन्नति समिति कई गरीब बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठा रही है। हाईकोर्ट बार एसोसिएशन में वर्ष 2014 में संयुक्त सचिव प्रशासन पद पर नियुक्त हुए अभिषेक कहते हैं कि समाज में अलग मुकाम हासिल कर चुकी महिलाओं का सम्मान होना चाहिए। इससे महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलता है। वह समय-समय पर ऐसे सम्मान समारोह आयोजित करते हैं। जिससे लोगों में महिलाओं के प्रति सम्मान का जज्बा पैदा हो।