रांची : लगभग डेढ़ दशक से राज्य खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष रहे जयनंदू को राज्य सरकार ने हटा दिया है। वरिष्ठ भाजपा नेता संजय सेठ राज्य खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के नए अध्यक्ष होंगे। वहीं भाजपा आजीवन सहयोग निधि के प्रदेश प्रभारी रांची क्षेत्रीय विकास प्राधिकार (आरआरडीए) के चेयरमैन बनाए गए हैं। दोनों महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्ति को मुख्यमंत्री रघुवर दास ने मंगलवार को मंजूरी दी। यह संगठन में अरसे से योगदान दे रहे नेताओं को सम्मानजनक पदों पर बिठाने की मुख्यमंत्री रघुवर दास की सोच का हिस्सा है। इससे पूर्व बीस सूत्री समितियों में पांच हजार से ज्यादा भाजपा समेत आजसू और लोजपा के कार्यकर्ताओं को भागीदारी मिल चुकी है।

25 दिन पहनते हैं खादी

जयप्रकाश आंदोलन के दौरान सक्रिय राजनीति में आए संजय सेठ कहते हैं-1974 में जो खादी धारण किया, आजतक नहीं छोड़ा। माह में 25 दिन खादी का वस्त्र ही पहनते हैं। जिम्मेदारी मिलने की खुशी है तो जवाबदेही का अहसास भी है। संजय सेठ ने वाणिज्य स्नातकोत्तर और व्यापार प्रबंधन की शिक्षा हासिल की है। मशहूर कंपनी उषा मार्टिन समेत वायु सेना और पंजाब नेशनल बैंक में भी चयन हुआ लेकिन राजनीति और समाज सेवा को इन्होंने चुना। पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान उन्होंने नमो मंत्र के बैनर चले अभूतपूर्व अभियान चलाया था।

रांची क्षेत्रीय विकास प्राधिकार (आरआरडीए) का अध्यक्ष बने परमा सिंह भाजपा आजीवन सहयोग निधि से जुड़े हैं। यह निधि भाजपा समर्थकों के सहयोग से संचालित होती है जो संगठन के लिए आर्थिक मदद मुहैया कराती है। वे केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह के करीबी रिश्तेदार हैं और भाजपा में शुरू से सक्रिय हैं।