RANCHI: रिम्स की सिक्योरिटी में तैनात सैप के जवान महज चार घंटे ही ड्यूटी कर रहे हैं। इसमें भी वे अपने पोस्ट से गायब ही नजर आते हैं। इससे सिक्योरिटी एजेंसी के गा‌र्ड्स की परेशानी बढ़ गई है। सैप जवानों के रहने के बाद भी गा‌र्ड्स ही सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि रिम्स प्रबंधन ने सैप के जवानों को किस काम के लिए रखा है। इतना ही नहीं, उन्हें ड्यूटी के लिए भी हाई सैलरी दी जा रही है। इसके बाद भी आठ घंटे की ड्यूटी सैप के जवानों को भारी पड़ रही है।

पेमेंट दोगुना से भी ज्यादा

हास्पिटल में सिक्योरिटी का जिम्मा एवरेस्ट ह्यूमन रिसोर्स कंपनी को दिया गया है, जहां एजेंसी के 400 गा‌र्ड्स सिक्योरिटी व्यवस्था को संभाले हुए हैं। एजेंसी के गा‌र्ड्स को 6-10 हजार रुपए में 8 घंटे की ड्यूटी कराई जाती है। लेकिन 20-23 हजार पेमेंट देने के बाद भी सैप के जवानों से 8 घंटे की ड्यूटी नहीं हो पा रही है।

30 जवान आए, 50 गा‌र्ड्स हटाया

हास्पिटल में सैप के जवानों को जिम्मेवारी देने के साथ ही एजेंसी के 50 गा‌र्ड्स को भी हटाने का निर्देश दिया गया है। इसके बदले सैप के 30 जवानों को ड्यूटी में लगा दिया गया है। वहीं सेकेंड फेज में भी 20 जवान तैनात करने की तैयारी है। इसके बाद धीरे-धीरे सैप के 150 जवान तैनात किए जाएंगे। बाकी की जिम्मेवारी एजेंसी के सिक्योरिटी गा‌र्ड्स के हवाले रहेगी।