-सपा से अतुल प्रधान का टिकट फाइनल होने के बढ़ा संघर्ष

-भाजपा के फायरब्रांड नेता और विधायक संगीत सोम मैदान में

-2012 जैसी स्थितियां हो रही उत्पन्न, मुस्लिम वोटर निणार्यक

Meerut: 2012 में 62 हजार वोट पाकर सरधना विधानसभा से जीत का तमगा लेकर युवाओं में ब्रांड बने संगीत सोम मुजफ्फनगर कांड के बाद फायर ब्रांड बन गए। सपा के कद्दावर और युवा नेता अतुल प्रधान पिछले चुनाव में 48 हजार वोट पाकर तीसरे नंबर पर रहे थे तो इस बार फिर टिकट देकर सीएम अखिलेश ने उनपर भरोसा जताया है। अतुल के मैदान में आने से सीट पर कांटे की टक्कर के आसार सियासी लोग लगा रहे हैं।

विकास का मिलेगा लाभ

जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा प्रधान के कोटे से सरधना विधानसभा क्षेत्र में कराए गए करोड़ों रुपये के विकास कार्य अतुल प्रधान को सरधना सीट पर बढ़त देंगे तो उन समर्थकों में जोश का संचार हुआ है जो पिंटू राणा के मैदान में आने से निष्क्रिय हो गए थे। हालांकि करीब एक माह तक सरधना सीट से प्रत्याशी रहे पिंटू राणा और उनके समर्थित वोट को अतुल प्रधान से जोड़ना मुश्किल काम होगा। सत्ता में रहते हुए अतुल प्रधान सरधना विधानसभा क्षेत्र में विकास को तरजीह दी। गली-खडंजे से लेकर सड़कों को बनवाने का फायदा अब चुनाव में मिल सकता है।

कांटे की टक्कर

5 साल जनता के बीच जनप्रतिनिधि के तौर पर रहे फायरब्रांड नेता संगीत सोम को भाजपा ने दोबारा टिकट दिया है। मुजफ्फनगर दंगों के बाद हिंदू युवाओं में ब्रांड बने संगीत को अपनी छवि को वोट मिलेगा तो वहीं भाजपा का परंपरागत वोट इस चुनाव को रोमांचक बनाएगा। हालांकि विकास के नाम पर मेरठ के ग्रामीण सरधना क्षेत्र में कोई बड़ा माइल स्टोन नजर नहीं आ रहा है तो वहीं गन्ना किसानों का भुगतान आज भी नहीं हो सका। इस मुद्दे पर संगीत कई बार सरकार को घेर चुके हैं।

मुस्लिम बनेगा निर्णायक

सरधना सीट पर तीसरे बड़े प्रत्याशी बसपा के इमरान कुरैशी हैं। पूर्व मंत्री शाहिद कुरैशी के बेटे इमरान को पिता के नाम पर मुस्लिम वोट मिलेगा तो वहीं बसपा का परंपरागत वोट सीट पर प्रत्याशी को बढ़त देगा। मुस्लिम प्रत्याशी के तौर पर इमरान युवा मुस्लिमों में आईकॉन बन सकते हैं तो सपा का परंपरागत मुस्लिम वोट भी खिसक सकता है। सरधना पर सर्वाधिक वोट करीब 70 हजार मुस्लिम हैं। हालांकि 2012 में इमरान के पिता हाजी याकूब रालोद की टिकट से मैदान में थे। अतुल प्रधान और याकूब के बीच वोटों का अंतर महज 2 हजार रहा।

विधान सभा चुनाव 2012

2,95,504-कुल मतदाता

2,14,593-पोलिंग

किसको कितने वोट

62,438-संगीत सोम, भाजपा (विजयी)

50,164-हाजी याकूब, रालोद

48,023-अतुल प्रधान, सपा

44,693-चंद्रवीर सिंह, बसपा

विधान सभा चुनाव 2017

3,32,197-कुल मतदाता

1,48,618-महिला मतदाता

1,83,532-पुरुष मतदाता

47-थर्ड जेंडर

मैदान में

संगीत सोम-भाजपा

अतुल प्रधान-सपा

इमरान कुरैशी-बसपा

कांग्रेस एवं रालोद के प्रत्याशी फाइनल नहीं।