सावन के तीसरे सोमवार को शिव के अभिषेक को उमड़े भक्त

आस्था के सफर में बारिश भी कम न कर सकी भक्तों का उत्साह

ALLAHABAD: सावन मास के तीसरे सोमवार को कुंभ नगरी शिवमय हो गई। बम-बम भोले की गूंज से शहर गुंजायमान हो उठा। सुबह से हो रही बारिश भी भक्तों का उत्साह कम न कर सकी। शहर के प्रमुख शिव मंदिरों में भगवान भोले के अभिषेक को भक्तों की भारी भीड़ जुटी। मनकामेश्वर मंदिर में प्रमुख प्रवेश द्वार से मंदिर तक महिला-पुरुष श्रद्धालुओं की लाइन लगी रही। सुरक्षाकर्मी व वालंटियर्स श्रद्धालुओं का सहयोग व मार्गदर्शन करते रहे।

शिव की महिमा का हुआ बखान

प्रमुख शिव मंदिरों में जलाभिषेक के साथ रुद्राभिषेक और शिव महिमा का बखान किया गया। घरों में भी भक्तों द्वारा रुद्राभिषेक किया गया। व्रत रखकर भगवान शिव की आराधना की गई। शाम को विधि विधान के साथ भगवान की पूजा करने के बाद प्रसाद ग्रहण किया गया। सावन के तीसरे सोमवार को भोलेगिरी मंदिर, पंचमुखी महादेव समेत अन्य शिव मंदिरों में शाम को भगवान शिव का भव्य श्रृंगार किया गया। भगवान शिव की भव्य आरती के बाद प्रसाद वितरित किया गया। देर रात तक शिव भक्तों की भीड़ मंदिरों में जुटी रही।