RANCHI: दवा घोटाला मामले में गिरफ्तार आरोपी रियाज खान फरीदी को कोर्ट में पेश किया गया। रांची के सिविल कोर्ट स्थित सीबीआई के प्रभारी विशेष न्यायाधीश की अदालत में सुनवाई हुई। सीबीआई की टीम ने फरीदी को गुरुवार को मुंबई से गिरफ्तार किया था।

क्या है मामला

जानकारी के अनुसार, रियाज खान फरीदी ने मुंबई स्थित माइक्रोजेन हाइजीन प्रा। लि। के कार्यकारी निदेशक रहते हुए दवा की आपूर्ति की थी। इस मामले में साल 2009 में प्राथमिकी दर्ज हुई थी। दवा घोटाला करीब 131 करोड़ का है। इसमें झारखंड के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री भानु प्रताप शाही और पूर्व स्वास्थ्य सचिव डॉ प्रदीप कुमार सहित अन्य आरोपी ट्रायल फेस कर रहे हैं। मामले में सीबीआई की ओर से अदालत में गवाही की प्रक्रिया चल रही है।

आरोपी की जमानत याचिका खारिज

गौरतलब हो कि रियाज खान फरीदी को हाईकोर्ट ने डिस्चार्ज कर दिया था। इसके बाद सीबीआई टीम उनके खिलाफ सुप्रीम कोर्ट गई थी। सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट के फैसले को खारिज कर दिया, जिसके बाद रियाज खान फरीदी की ओर से अदालत में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की गई। सुनवाई के बाद अदालत अग्रिम जमानत याचिका भी खारिज कर दी थी।