मेजा थाना क्षेत्र के ऊंचडीह में शनिवार की रात वारदात को दिया गया अंजाम

पड़ोसी के घर में मिली लहूलुहान लाश, मां की तहरीर पर पांच के खिलाफ केस

ALLAHABAD: मेजा थाना क्षेत्र के ऊंचडीह गांव में बीती रात एक स्कूल के मैजिक वाहन चालक की पड़ोस के ही लोगों ने लोहे की राड से पीट-पीट कर हत्या कर दी। देर रात तक घर न लौटने पर परिवार के लोगों ने खोजबीन शुरु की तो पड़ोस के घर में उसका लहूलुहान शव मिला। सूचना मिलने पर पुलिस फोर्स के साथ घटना स्थल पर पहुंची। छानबीन के बाद लाश को पोस्मार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मृतक की मां की तहरीर पर गांव के पांच लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है।

पड़ोसी बुलाकर ले गया

ऊंचडीह गांव निवासी राधेश्याम भारतीया पुत्र मुन्नी लाल भारतीया रामनगर स्थित एक कांवेंट स्कूल की मैजिक चलाता था। उसका छोटा भाई मोनू बंगलुरू में प्राइवेट नौकरी करता है। बहन बेबी की फरवरी माह में शादी है, जिसे लेकर परिवार के लोग तैयारी में जुटे थे। राधेश्याम भारतीया की पत्नी आरती देवी अपने एक साल के बेटे को लेकर कुछ दिनों पहले मायके गई।

लाश पड़ी थी, फरार थे घरवाले

बताया जाता है कि शनिवार की शाम को राधेश्याम भारतीया को पड़ोसी सुरेश पुत्र प्रभुनाथ किसी काम के बहाने अपने साथ ले गया। रात के दस बजे तक जब वह घर नहीं लौटा तो उसकी मां रोशनी देवी ने उसे ढूंढ़ना शुरु किया। ये लोग पड़ोसी सुरेश के घर पहुंचे तो राधेश्याम भारतीया का शव लहूलुहान अवस्था में जमीन पर पड़ा था। सुरेश परिवार के लोगों समेत फरार था। सूचना फैलते ही मौके पर गांव वालों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने घटना की छानबीन कर परिजनों से पूछताछ की। मृतक की मां ने पड़ोसी सुरेश समेत उसकी पत्नी सुनीता देवी एवं दीपक, राजू भीम भारतीया के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

बॉक्स

कहीं आशनाई का चक्कर तो नहीं

राधेश्याम भारतीया की हत्या क्यों और किन कारणों से की गई? पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है लेकिन गांव के लोग हत्या के पीछे आशनाई की चर्चा कर रहे थे। ग्रामीणों की मानें तो राधेश्याम भारतीया का सुरेश की पत्नी सुनीता से प्रेम संबंध था। इसकी जानकारी भी लगभग दोनों परिवार के सभी लोगों को थी। ग्रामीणों की मानें तो इसी को लेकर राधेश्याम की पत्नी आरती देवी नाराज होकर मायके चली गई थी। दोनों परिवारों में इसी बात पर काफी खटास भी थी। सुरेश भी पत्‍‌नी से काफी नाराज चल रहा था।

मां ने गांव के पांच लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। आरोपी घर छोड़ फरार हैं। उनकी तलाश की जा रही है। गिरफ्तारी के बाद ही सच्चाई सामने आ पाएगी।

दीपेन्द्र चौधरी, एसपी यमुनापार