- सिरसागंज गई बरात से लौटते समय हुआ हादसा

फीरोजाबाद: गुरुवार रात शिकोहाबाद हाईवे पर दर्दनाक हादसा हो गया। सिरसागंज शादी समारोह से लौट रही कार प्रतापपुर चौराहे पर ट्रैक्टर ट्राली में जा घुसी। दुर्घटना में शहर के दो स्कूल संचालकों की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

रसूलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मुहल्ला लालपुर निवासी सतीश कुमार यादव (35) पुत्र बाबूराम यादव का क्षेत्र में ही कमला देवी हाईस्कूल है। उन्होंने अपने परिचित महेश कुमार के बेटे धर्मेंद्र का रिश्ता सिरसागंज से तय कराया। गुरुवार को धर्मेंद्र की बरात सिरसागंज गई थी। बरात में शामिल होने के लिए सतीश यादव अपने दोस्त एवं सरस्वती शिक्षण संस्थान स्कूल के संचालक मनीष यादव (25) पुत्र होतीलाल निवासी मौढा रसूलपुर के साथ गए थे। कार में तरुण उपाध्याय पुत्र अनिल उपाध्याय निवासी हुंडावाला बाग, हरीप्रसाद पुत्र ओमप्रकाश लालपुर, रामपाल पुत्र दुर्बीन सिंह भी सवार थे। गुरुवार देर रात सतीश आदि लोग स्विफ्ट कार संख्या यूपी83एक्स-0030 से फीरोजाबाद लौट रहे थे। कार तरुण उपाध्याय की थी और वह खुद ही इसे चला रहे थे। बताया जाता है कि रात करीब दस बजे शिकोहाबाद क्षेत्र अंतर्गत हाईवे प्रतापपुर चौराहे पर उनकी कार आगे जा रही ट्रैक्टर ट्राली से जा भिड़ी। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि आधी से अधिक कार ट्राली में घुस गई। तेज धमाके की आवाज सुनकर वहां से गुजर रहे राहगीर और अन्य वाहन चालक रुके। फिर उन्होंने पुलिस को अवगत कराया। इसके बाद पुलिस ने राहगीरों की मदद से कार सवार घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद आनन फानन सभी को जिला अस्पताल भेजा गया। जहां चिकित्सकों ने सतीश कुमार यादव और मनीष यादव को मृत घोषित कर दिया। जबकि घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए तीनों को आगरा रेफर कर दिया गया। मृतक सतीश यादव नगर निगम में ठेकेदारी भी करते थे। लिहाजा हादसे की खबर लगते ही सुबह जिला अस्पताल में स्कूल संचालकों, नगर निगम ठेकेदार और परिचितों की भीड़ जुट गई।