i concern

मिन्टो पार्क के पास एचटी लाइन पर गिरा पेड़, दस घंटे तक आपूर्ति बाधित, पेयजल को तरसे लोग

अचानक पहुंचे छुट्टी के मैसेज से पैरेंट्स परेशान, गड्ढों में गिरकर चोटिल हुए बच्चे, जाम ने करायी फजीहत

ALLAHABAD: लगातार 36 घंटे तक हुई बारिश ने शुक्रवार को शहरियों का जीना हराम कर दिया। गलियों में कीचड़, सड़क पर गढ्डों में पानी से पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। एचटी लाइन पर पेड़ गिरने से कई मोहल्लों में दस घंटे तक आपूर्ति ठप हो गयी तो लोग पीने के पानी के लिए भी तरस गये। कोढ़ में खाज बन गया भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का आगमन। उनके मूवमेंट के लिए रूट डायवर्जन किया गया। स्कूलों में अचानक 11 बजे छुट्टी घोषित कर दी गयी। मैसेज पाकर पैरेंट्स स्कूल पहुंचे तो झेल गये। गड्ढों में भरे पानी में गिरकर कई बच्चे चोटिल हो गये। पब्लिक इसे लेकर प्रशासन को कोसती रही।

मंगलवार रात से हो रही थी बारिश

इलाहाबाद में मंगलवार की रात से बारिश का सिलसिला शुरू हुआ तो वह गुरुवार को सुबह 11 बजे के करीब थमा। इसका असर यह हुआ कि शुक्रवार को मिन्टो पार्क के सामने सुबह 8 बजे 11 केवी एचटी लाइन पर पेड़ की डाल गिर जाने से आपूर्ति बाधित हो गई। इससे कीडगंज एरिया के हजारों घरों में एक-एक बूंद पानी के लिए लोगों को तरसना पड़ा। आपूर्ति बाधित होने की जानकारी देने के लिए जब लोगों ने रामबाग डिवीजन के अधिकारियों को फोन लगाना शुरू किया तो अधिशाषी अभियंता से लेकर एसडीओ तक का फोन रिसीव नहीं हुआ। क्षेत्रीय लोगों की मानें तो सुबह दस बजे तक किसी भी अधिकारी का फोन नहीं उठा। दोपहर एक बजे के बाद रामबाग डिवीजन के कर्मचारी पहुंचे तो उनकी क्षेत्रीय लोगों से जमकर नोकझोक हुई। इसके बाद डाल को हटाने के लिए क्रेन बुलाई गई। तब जाकर डाल हटाई गई लेकिन एचटी केबल को लगाने में शाम सात बज गया।

अचानक आया छुट्टी का मैसेज

लगातार हो रही बारिश के चलते बिना किसी पूर्व सूचना के सिविल लाइंस के आसपास के एरिया में स्थित स्कूलों में अचानक छुट्टी घोषित कर दी गयी। पैरेंट्स को स्कूलों की तरफ से मैसेज भेजकर 11 बजे बच्चों को कलेक्ट कर लेने को कहा गया। पैरेंट्स आनन-फानन में स्कूल पहुंचना शुरू हुए तब बारिश हो रही थी। इससे जाम लग गया। पानी निकला नहीं तो सड़कों पर और उसके किनारे जमा रहा। गलियां कीचड़ से लबालब थीं। पैदल चलना भी मुश्किल था। कोढ़ में खाज बन गया रूट डायवर्जन। भाजपा अध्यक्ष के मूवमेंट के चलते एक सड़क पर आवागमन रोक दिया गया तो वाहनों की लम्बी कतार सड़क पर लग गयी। ज्यादा झेल गये वे पैरेंट्स जिनके बच्चे दो अलग स्कूलों में पढ़ते थे और छुट्टी का टाइम सेम हो गया।

हास्पिटल में बाधित रहेगी आपूर्ति

वन विभाग की ओर से पेड़ काटने के लिए विद्युत लाइन को शिफ्ट कराने का कार्य शनिवार को किया जाएगा। इस वजह से नवाब युसूफ रोड, नार्थ मलाका, कुल भास्कर कालोनी, एमजी मार्ग और स्वरूपरानी हास्पिटल की विद्युत सप्लाई सुबह दस बजे से लेकर शाम चार बजे तक बाधित की जाएगी।

फोन रिसीव न करने की बात गलत है। जैसे ही जानकारी मिली वैसे ही कर्मचारियों को भेजकर आपूर्ति बहाली का प्रयास किया गया।

अतुल कुमार

एसडीओ, रामबाग सब स्टेशन