- क्लीनिक से घर लौट रहे थे चंद्र प्रकाश

- शाहपुर के एरिया में मोहनापुर में हुई वारदात

GORAKHPUR: शाहपुर एरिया के मोहनापुर में बाइक सवार बदमाशों ने डेंटिस्ट को गोली मार दी। घटना रविवार की शाम करीब हुई। घायल डॉक्टर को मेडिकल कॉलेज में एडमिट कराया गया है। एक साल के भीतर डॉक्टर पर दूसरी बार हमला हुआ है। हमले की वजह न तो डॉक्टर बता पा रहे और न ही पुलिस के पास कोई सुराग है। एसओ का कहना है कि जांच पड़ताल की जा रही है। बिना वजह कोई दो-दो बार डॉक्टर पर गोली नहीं चलाएगा।

बदमाशों ने घर के पास किया हमला

पीपीगंज के रसूलपुर चकिया निवासी चंद्र प्रकाश सिंह प्राइवेट प्रैक्टिस करते हैं। पिपराइच कस्बे में उनका डेंटल क्लीनिक है। करीब 10 साल पहले डॉक्टर ने जंगल हकीम नंबर दो मोहनापुर, चौहान टोला में मकान बनवाया। मकान पर डॉक्टर के साथ पत्‍‌नी और बच्चे भी रहते हैं। रविवार की शाम क्लीनिक बंद करके डॉक्टर ने किसी परिचित से बाइक पर लिफ्ट मांगी। मोहल्ले चौराहे पर बाइक सवार उनको छोड़ दिया। पैदल ही घर जा रहे डॉक्टर पर पीछे से बदमाशों ने गोली दाग दी। कंधे में गोली लगने से घायल डॉक्टर को घरवालों ने मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। लोगों ने शाहपुर पुलिस को गोली चलने की सूचना दी।

दोबारा मार दी गोली

डॉक्टर ने पुलिस को बताया कि बाइक सवार दो बदमाशों ने हमला किया। लेकिन हमले की वजह नहीं बता सके। इसके पहले 23 अक्टूबर, 2014 को भी बदमाशों ने डॉक्टर को गोली मारी थी। दिवाली की शाम क्लीनिक से पूजा-पाठ करके डॉक्टर बाइक से घर लौट रहे थे। पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने जंगल धूसड़, रामपुर गांव के पास डॉक्टर पर गोली मार दी थी। पेट में गोली लगने से गंभीर डॉक्टर को मेडिकल कॉलेज से लखनऊ रेफर किया था। मामले की जांच कर रही पिपराइच पुलिस घटना की वजह नहीं जान सकी। डॉक्टर ने भी किसी से दुश्मनी होने से इंकार किया। रविवार की शाम दोबारा हमला होने पर वजह की तलाश पुलिस कर रही है। अंजान बने डॉक्टर पर दो बार-बार हमले से पुलिस हैरत में है।