- अलग-अलग रूट पर जाएंगे मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति

-12 हजार पुलिसकर्मी होंगे सुरक्षा में तैनात

VARANASI

पीएम नरेन्द्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के बनारस आगमन के मद्देनजर जबरदस्त तैयारी चल रही है। एक तरफ शहर को सजाया संवारा जा रहा है। तो दूसरी तरफ पुलिस विभाग के माथे पर बल पड़े हुए हैं। दो अतिविशिष्ट व्यक्तियों की सुरक्षा का इंतजाम किसी परीक्षा से नहीं है। यह और कठिन तब हो जा रहा है जब दोनों अलग-अलग रूट से शहर में भ्रमण करेंगे। पुलिस को इस बार दो रूटों पर सिक्योरिटी का इंतजाम करना है। एक रूट पीएम मोदी तो दूसरा रूट फ्रांस के राष्ट्रपति का होगा।

अलग-अलग रूट पर होंगे मेहमान

प्रारंभिक कार्यक्रम के मुताबिक मोदी और मैक्रों बाबतपुर एयरपोर्ट से बड़ा लालपुर, बीएचयू, अस्सी घाट और वहां से बोट के जरिए शीतला घाट जाएंगे। बृजरमा पैलेस में लंच के बाद मैक्रों शीतला घाट या खिड़किया घाट से नदेसर पैलेस के लिए रवाना होंगे। उन्हें विदा करने के बाद मोदी बोट से वापस अस्सी और फिर सड़क मार्ग से डीएलडब्ल्यू जाएंगे। पुलिस के सामने यह दोहरी चुनौती है। दो रूट प्लान, इन पर सुरक्षा के इंतजाम और कंटीजेंसी प्लान बनाना और यहां फोर्स की तैनाती बड़ी जिम्मेदारी होगी।

मैक्रों की सुरक्षा टुकड़ी में 22 अंगरक्षक

फ्रांस के राष्ट्रपति के साथ उनका सुरक्षा तंत्र भी बनारस आएगा। बताया जा रहा है कि उनकी सुरक्षा टुकड़ी में 22 अंगरक्षक होंगे जो अत्याधुनिक सर्विलांस प्रणाली और असलहों से लैस रहेंगे। इसके अलावा राष्ट्रपति के साथ अतिरिक्त फोर्स और खुफिया एजेंसियों के लोग भी रहेंगे। फ्रांसीसी राष्ट्रपति का बाहरी सुरक्षा घेरा एसपीजी और एनएसजी बनाएगी।

दोगुनी रहेगी फोर्स

12 दिसंबर 2015 को पीएम मोदी जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे के साथ बनारस आये थे। उस समय भी दो अतिविशिष्ट मेहमानों की सुरक्षा बनारस पुलिस ने संभाली थी। अंतर सिर्फ इतना था कि दोनों की फ्लीट को एक ही रूट पर जाना था। उस वक्त सुरक्षा ड्यूटी में लगभग साढ़े छह हजार जवानों और अफसरों की फोर्स तैनात थी। अबकी बनारस पुलिस ने शासन ने 12 हजार पुलिस, पैरामिलिट्री, पीएसी और होमगार्ड के जवान मांगे हैं। पिछले दौरों से यह लगभग दोगुनी फोर्स है। एसपीजी की पहली टुकड़ी नौ मार्च को बनारस आ जाएगी। यह टीम कार्यक्रम पूरा होने तक यहीं कैंप करेगी।

बंद हुआ हस्तकला संकुल

वीआईपी कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा कारणों से पं। दीनदयाल हस्तकला संकुल का म्यूजियम आठ से 12 मार्च तक के लिए बंद कर दिया गया है। यह जानकारी जिला सूचना अधिकारी ने दी।