RANCHI: पूर्वाचल के डॉन प्रेम प्रकाश उर्फ मुन्ना बजरंगी की बागपत जेल में मर्डर के बाद पूरे यूपी में हड़कंप मच गया है। वहीं, इसका असर झारखंड की राजधानी रांची में भी देखा जा रहा है। होटवार स्थित बिरसा मुंडा सेंट्रल जेल में जिला प्रशासन ने सिक्योरिटी टाइट कर दी है। गौरतलब हो कि मुन्ना बजरंगी की हत्या उस वक्त हुई, जब वह पूर्व बसपा विधायक लोकेश दीक्षित से रंगदारी मांगने के आरोप में बागपत कोर्ट में पेश होनेवाला था। उसे तन्हाई बैरक में कुख्यात सुनील राठी ओर विक्की सुंहेड़ा के साथ रखा गया था। इस हत्या के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने बागपत जिला जेल के जेलर, डिप्टी जेलर सहित चार कर्मियों को सस्पेंड कर दिया है।

दोबारा शपथ पत्र

पिछले दिनों कुछ मामलों में जेल में बंद अपराधियों के संबंध में जेल और जिला पुलिस द्वारा अलग-अलग दी गयी जानकारी पर कोर्ट ने नाराजगी जताई थी। इसके मद्देनजर यह निर्णय लिया गया कि जिन मामलों में ऐसा हुआ है, उनमें फिर से शपथ पत्र दायर किया जाएगा। जेल आइजी ने बताया कि बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में रह रहे बंद कैदियों के बारे में कई तरह की जानकारियां जेल मॉनिटरिंग सिस्टम पर उपलब्ध रहती है। इसका भी अध्ययन करने के लिए जेलर को निर्देश दिया गया है।

कुख्यात बंदियों पर विशेष नजर

जेल आईजी हर्ष मंगला ने कहा कि सभी जेलों की सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है। साथ ही जेल में बंद कुख्यात बंदियों पर पैनी नजर रखी जा रही है। जेल की सुरक्षा और कुख्यात अपराधियों पर नजर रखने के साथ ही सुप्रीम कोर्ट की ओर से जारी गाइडलाइन को भी पूरा करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया है।

जेल में हुई थी सुधीर सिंह उर्फ भोमा की हत्या

गौरतलब हो कि रांची जेल में बंद अनिल शर्मा के दुश्मन कुख्यात भोमा सिंह की उस्तूरे से गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। उस कांड का आरोपी बबलू था। यह बबलू श्रीवास्तव उम्रकैद की सजा काट रहा था। दो साल पहले ही रांची जेल से दुमका जेल में शिफ्ट किया गया था, वहीं उसकी भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इतना ही नहीं, बिरसा मुंडा जेल में ही कुख्यात संदीप थापा ने कोल्ड ड्रिंक में जहर मिलाकर तीन कैदियों को पिलाया था। तीनों की मौत अस्पताल में हो गई थी।

कोट

मुन्ना बजरंगी हत्याकांड को लेकर रांची पुलिस ने जेल प्रशासन को सतर्क कर दिया गया है। पुलिस इस मामले में सीसीटीवी से कुख्यात अपराधियों की मॉनिटरिंग कर रही है।

अमन कुमार, सिटी एसपी, रांची