शासन को फैक्स के जरिए भेजा गया त्यागपत्र

ALLAHABAD: माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड और उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग के विलय की तैयारी के बीच चयन बोर्ड में मेंबर्स के इस्तीफे का दौर जारी है। शुक्रवार को चयन बोर्ड के मेंबर मनोज कुमार यादव ने भी अपने पद से त्याग पत्र दे दिया। बोर्ड के अधिकारियों ने उनका त्यागपत्र देर शाम शासन को फैक्स के माध्यम से भेजा। मनोज यादव का कार्यकाल 2018 में समाप्त हो रहा था। मनोज के इस्तीफे के बाद चयन बोर्ड में दूसरे मेंबर्स के इस्तीफे को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया। इसी बीच एक अन्य मेंबर एवं चयन बोर्ड की पूर्व प्रभारी अध्यक्ष रह चुकी अनीता यादव के भी इस्तीफे की बात चलती रही। लोगों का कहना था कि अनीता यादव ने लखनऊ में ही अपना इस्तीफा दिया है। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो सकी। अनीता यादव का फोन लगातार बंद आ रहा था।

चयन बोर्ड में बचे चार मेंबर

चयन बोर्ड में मेंबर के पद से मनोज यादव के त्यागपत्र के बाद वर्तमान समय में सिर्फ चार मेंबर ही बचे हैं। इनमें अनीता यादव, रमेश शर्मा, डॉ। आशा लता श्रीवास्तव और नरेन्द्र सिंह यादव का नाम शामिल है। इनके भी शीघ्र त्याग पत्र देने की बात भी तेजी से चर्चा में है। गौरतलब है कि शिक्षक भर्ती के लिए एक आयोग के गठन को लेकर शासन की ओर से शुरू हुई कवायद के बाद चयन बोर्ड के अध्यक्ष हीरा लाल गुप्ता द्वारा त्यागपत्र दे दिया। इसके बाद लगातार त्यागपत्र देने का सिलसिला जारी है।