-मामूली बात पर मनबढ़ों ने पीटकर मार डाला

-पड़ोसियों के बीच विवाद नहीं सुलझा सकी पुलिस

GORAKHPUR: झंगहा एरिया के सिंहपुर में पुराने विवाद में मनबढ़ों ने 70 साल के चंद्रजीत यादव की पीटकर हत्या कर दी। उनका पड़ोसियों से काफी दिनों से विवाद चल रहा था। शिकायत करने पर पुलिस मामले को सुलझाने में नाकाम रह गई थी। शनिवार को झोपड़ी डालने के विवाद में दोनों पक्ष भिड़ गए जिसमें बुजुर्ग को जान गंवानी पड़ी। सीनियर सिटीजन के पड़ोसी सागर सहित छह लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।

पड़ोस में झोपड़ी बढ़ाने का विवाद

सिंहपुर निवासी चंद्रजीत यादव परिवार से अलग झोपड़ी बनाकर रहते थे। उनके पड़ोस में रहने वाले सागर विश्वकर्मा से विवाद चल रहा था। शनिवार की दोपहर करीब साढ़े 12 बजे झोपड़ी का दायरा बढ़ाने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि चंद्रजीत के विरोध जताने पर सागर और उसके परिवार के लोग जमा हो गए। लोगों ने बुजुर्ग की पिटाई शुरू कर दी। उसे इस कदर पीटा कि गांव के लोग बीच बचाव करने आ पाते। इसके पहले बुजुर्ग की मौत हो गई।

पुलिस बल तैनात, हिरासत में आरोपी

दो पक्षों के विवाद की सूचना किसी ने पुलिस को दी। झंगहा के एसओ, चौकी प्रभारी सहित भारी पुलिस बल लेकर मौके पर पहुंच गए। मौके पर पड़ी डेड बॉडी को कब्जे में लेकर गांव से बाहर कर दिया। हमले के आरोपियों को हिरासत में लेकर पुलिस थाने चली गई। गांव के लोगों ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पूर्व ही दोनों पक्षों के बीच भूमि की पैमाइश हुई थी। तब यह मामला सामने आया था कि मौके पर सागर की कोई भूमि नहीं है। सीओ ऑफिस में दोनों पक्षों को बुलाया गया था। मामला सुलझ पाता इसके पहले बुजुर्ग की जान चली गई।