- बिखरा पड़ा था सामान, लूटपाट की आशंका

- कई बिंदुओं पर जांच पड़ताल में जुटी पुलिस

GORAKHPUR: शाहपुर एरिया के झरना टोला में अकेले रहने वाले बुजुर्ग की गला कसकर बदमाशों ने हत्या कर दी। शुक्रवार देर रात दरवाजा खुला होने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। घर में सामान बिखरा होने और आलमारियों और दराज के खुले होने से लोग लूटपाट के लिए मर्डर की आशंका जता रहे हैं। हालांकि पुलिस की जांच में मर्डर को लूटपाट का रूप देने की बात सामने आई है। वारदात में किसी परिचित के शामिल होने की संभावना में पुलिस सुराग तलाश रही है। एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने भी घटनास्थल का जायजा लिया।

दरवाजा खुला होने पर दी सूचना

झरना टोला में 80 साल के गुलजार निषाद का मकान है। उनके तीन बेटों में बड़े बेटे जगदीश पड़ोस में मकान बनवाकर रहते हैं। दूसरे नंबर के बेटे जोगिंदर सेना से रिटायर हैं। छोटा बेटा राजेंद्र मुंबई में रहता है। कुछ दिन पहले जोगिंदर अपने परिवार संग धार्मिक यात्रा पर गए हैं। इसलिए घर में गुलजार अकेले थे। शुक्रवार रात उनके कमरे का दरवाजा खुला होने पर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस पहुंची तो कमरे में गुलजार की डेड बॉडी मिली। गमछा से गला कसकर उनकी जान ली गई थी।

मर्डर को लूट का रूप देने का प्रयास

पुलिस पहुंची तो कमरे का सामान बिखरा पड़ा था। आलमारी, बॉक्स और ब्रीफकेस को तोड़ा गया था। ऐसा लग रहा था किसी सामान को चुराने के लिए कमरे में घुसे बदमाशों ने बुजुर्ग को मार डाला। हालांकि जांच के बाद पुलिस इस नतीजे पर पहुंची कि हत्या के बाद वारदात को लूटपाट का मोड़ देने के लिए ऐसा किया गया था। कमरे में एक महिला के बाल के टुकड़े मिले। साथ ही ऐसे कई क्लू सामने आए जिससे यह साबित हो रहा था कि कोई परिचित कमरे में पहुंचा था।

वर्जन

घटनास्थल का परीक्षण किया गया है। इस दौरान कई तथ्य सामने आए हैं। उनके आधार पर जांच पड़ताल चल रही है। धार्मिक यात्रा पर गए बुजुर्ग के बेटे के लौटने का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस टीम को लगाया गया है ताकि जल्द से जल्द घटना का खुलासा किया जा सके।

सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज, एसएसपी