-ताज की सुरक्षा पर लगा सवालिया निशान

-अभ्यास के दौरान एयर प्रेशर से अनियंत्रित होकर पहुंचा था आर्मी का पैरा ग्लाइडर

-बाद में सेना और पुलिस के अधिकारी पहुंचे ताजमहल

-सीआईएसएफ ने दी थाने पर लिखित शिकायत, सबूत के तौर पर सौंपे फोटो और वीडियो

आगरा। सुरक्षा के लिहाज से बेहद ही चाक-चौबंद ताजमहल के ऊपर मंगलवार को पैरा ग्लाइडर उड़ा। पैरा ग्लाइडर सेना का था और हवा के प्रेशर के चलते अनियंत्रित होकर ताजमहल तक जा पहुंचा था। इस मामले में सीआईएसएफ की ओर से थाना ताजगंज में लिखित शिकायत भी दी गई। जिसपर जांच भी शुरू हो गई है।

सुरक्षा पर सवाल

नो फ्लाई जोन में पैरा ग्लाइडर के पहुंचने की घटना ने ताजमहल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा कर दिया है। सुबह करीब सवा ग्यारह बजे ताजगंज, फतेहाबाद रोड एरिया के लोगों ने एक पैरा ग्लाइडर उड़ते देखा। सदर एरिया की से उड़ते हुए यह पैरा ग्लाइडर शाहजहां गार्डन के ऊपर से पहुंच गया। यहां से ताज के यलो और रेड जोन वाले नो फ्लाई जोन में दाखिल हो गया। इसके बाद यह पैरा ग्लाइडर फोरकोर्ट और ताज के मुख्य गुम्बद के पास होता हुआ यमुना की ओर चला गया।

आर्मी की वर्दी और तिरंगा झंडा

सीओ ताज सुरक्षा असीम चौधरी के अनुसार आर्मी एरिया में पैरा ग्लाइडर का अभ्यास चल रहा था। बाकी पैरा ग्लाइडर आर्मी के निश्चित स्थान पर उतर गए लेकिन दीनदयाल यादव नाम के कैडिट वाला पैरा ग्लाइडर हवा के प्रेशर से अनियंत्रित हो गया था। इसी वजह से पैरा ग्लाइडर उड़ते हुए ताजमहल के ऊपर तक पहुंच गया। सुरक्षा में लगे जवानों ने देखा तो तिरंगा लगे पैरा ग्लाइडर पर सवार व्यक्ति आर्मी की वर्दी में था। इसी वजह से उड़ते पैरा ग्लाइडर के अंगेस्ट तत्काल कोई एक्शन नहीं लिया गया। हालांकि पुलिस और आर्मी का आपस में संपर्क होते ही आर्मी ऑफिसर्स ताजमहल पहुंच गए थे।

स्वीकारी उल्लंघन की बात

मामले में सीआईएसएफ की ओर से लिखित शिकायत थाना ताजगंज में दी। शिकायत के साथ सीआईएसएफ की ओर से ताजमहल के ऊपर पैरा ग्लाइडर उड़ने के सबूत के फोटोग्राफ और वीडियो फुटेज वाली सीडी भी पुलिस को सौंपी गई है। आर्मी की ओर से भी थाना ताजगंज में लिखित दिया गया है। जिसमें एयर प्रेशर से अनिंयत्रित होकर पैरा ग्लाइडर के ताजमहल के ऊपर नो फ्लाई जोन में पहुंचने की बात स्वीकार की गई है।