RANCHI : राजधानी में वाट्सएप पर सेक्स रैकेट चल रहा था। इसका भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने एक लड़की सहित तीन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जेले भेजे गए आरोपितों में बरियातू निवासी जफरूल अंसारी और कोडरमा निवासी राजा अंसारी शामिल हैं। गिरोह का एक सदस्य संजय पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। बताया जा रहा है कि गिरोह का सरगना संजय है, पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है।

कस्टमर्स का था इंतजार

पुलिस के अनुसार वाट्सएप पर डीलिंग के बाद दोनों आरोपित युवक लड़की को लेकर मेडिका के पास ग्राहक का इंतजार कर रहे थे। उसी दौरान वहां पुलिस की टीम पहुंची और दोनों को दबोच लिया। आरोपितों ने पूछताछ में बताया कि युवतियों को कोलकाता से लाकर रांची में देह व्यापार करवाया जाता है। करीब एक साल से दोनों आरोपित रांची में इस धंधा चला रहे हैं।

वाट्सएप पर भेजते थे तस्वीर

पकड़े गए आरोपितों ने पुलिस को बताया कि वे वाट्सएप पर ग्राहकों को फोटो भेजकर डील फाइनल करते थे। फोटो देखने के बाद घंटे और पूरी रात के हिसाब से कीमत तय करने के बाद ग्राहकों के पास भेजा जाता था। कॉल गर्ल के साथ एजेंट भी जाते थे। पैसे लेने के बाद उनके साथ कॉल गर्ल को भेजा जाता था। वे होटल भी मुहैया करवाते थे।

कोलकाता से लाते थे कॉल गर्ल

पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि गिरोह का सरगना संजय कोलकाता से कॉल गर्ल लाता था। वह हजारीबाग का रहने वाला है। उसका काम केवल कॉल गर्ल की सप्लाई करना था। पुलिस के अनुसार बरियातू निवासी जफरूल अंसारी लंबे समय से देह व्यापार से जुड़ा था। अरगोड़ा थाने की पुलिस ने एक साल पहले भी उसे जेल भेजा था।

19 जनवरी को भी हुआ था खुलासा

19 जनवरी को लालपुर और सदर थाना क्षेत्र में बुधवार रात छापेमारी करते हुए तीन लड़कियों के साथ सरगना को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। दरअसल, पुलिस को सूचना मिली थी कि रांची में एक हाईटेक सेक्स रैकेट कुछ लोगों के द्वारा चलाया जा रहा है। वेबसाइट के माध्यम से प्रचार के बाद व्हाट्सएप पर डीलिंग ग्राहकों से की जाती थी। इसके बाद शहर के अलग.अलग होटलों की बुकिंग की जाती थी।