-जनपद की मेरठ दक्षिण और कैंट विधानसभा सीट कांग्रेस के हवाले

-सिंबल लेकर प्रत्याशी हुए मेरठ रवाना, सपा प्रदेश अध्यक्ष ने दिए

Meerut : मेरठ की 7 विधानसभा सीटों में से 5 पर सपा चुनाव लड़ रही है। गठबंधन के बाद 2 सीटों पर कांग्रेस अपने प्रत्याशी उतारेगी। लखनऊ 2, विक्रमादित्य स्थित पार्टी मुख्यालय में सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम ने पांचों प्रत्याशियों को पार्टी का सिंबल देकर रवाना किया है।

5 पर सपा का दावा

सपा-कांगे्रस गठबंधन के बाद मेरठ जनपद की मेरठ दक्षिण और मेरठ कैंट सीट कांगे्रस के हवाले है तो वहीं 5 सीटों पर सपा चुनाव लड़ेगी। उहापोह के बीच मेरठ शहर सीट से सपा प्रत्याशी रफीक अंसारी, सरधना सीट से अतुल प्रधान, सिवालखास से विधायक गुलाम मोहम्मद, किठौर से विधायक और कबीना मंत्री शाहिद मंजूर, हस्तिनापुर से विधायक प्रभूदयाल वाल्मीकी को प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम ने पार्टी का सिंबल सौंपा है। सूत्रों ने बताया कि इस दौरान न तो सीएम अखिलेश यादव मौजूद थे और न ही पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह मौजूद थे। लखनऊ से वापस आ रहे सपा नेता अतुल प्रधान ने बताया कि वे 23 जनवरी को अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।

कांग्रेस को चाहिए 3 सीट

कांग्रेस प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अनिल शर्मा ने बताया कि मेरठ में कांग्रेस 3 सीटों पर प्रत्याशी उतारेगी। मेरठ कैंट, मेरठ दक्षिण के अलावा मेरठ शहर सीट पर भी अपने प्रत्याशी उतारना चाहती है। जबकि सपा के साथ 2 सीटों पर तालमेल फिलहाल बन रहा है। शुक्रवार की बैठक में एक बार फिर चर्चा के बाद ही रुख स्पष्ट होगा।