- सचिव मुख्यमंत्री के पद पर थे तैनात

- तीन बार मिल चुका है सेवा विस्तार

LUCKNOW: राज्यपाल राम नाईक ने सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी शंभू सिंह यादव को लोकायुक्त संगठन में उपलोकायुक्त के पद पर नियुक्त किए जाने के प्रस्ताव को मंजूर कर लिया है। शंभू सिंह यादव 1997 बैच के रिटायर्ड आईएएस अधिकारी हैं। सपा सरकार से करीबी की वजह से उन्हें तीन बार सेवा विस्तार भी मिल चुका है। वर्तमान में सचिव मुख्यमंत्री के पद पर तैनात थे। साथ ही आबकारी विभाग की जिम्मेदारी भी संभाल रहे थे। शंभू सिंह मुलायम सिंह यादव की पूर्ववर्ती सरकारों में भी पंचम तल पर तैनात रह चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने भेजी थी फाइल

राजभवन की जानकारी के मुताबिक, शंभू सिंह को उपलोकायुक्त के पद पर तैनात करने का प्रस्ताव पिछले सप्ताह मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने राज्यपाल की अनुमति के लिए भेजी थी। इससे पहले मुख्यमंत्री और लोकायुक्त संजय मिश्रा ने उनके नाम पर अपनी सहमति भी जताई थी। राज्य सरकार का प्रस्ताव मिलने के बाद राज्यपाल ने उप्र लोकायुक्त तथा उप लोकायुक्त अधिनियमए 1975 में उल्लिखित प्राविधानों के तहत शंभू सिंह को सूबे का नया उपलोकायुक्त तैनात कर दिया। इससे पहले स्वतंत्र सिंह यह जिम्मेदारी संभाल रहे थे। पिछले साल रिटायर होने के बाद यह पद खाली था। फिलहाल शंभू सिंह को यह अहम जिम्मेदारी सौंपे जाने को लेकर सियासी गलियारों में भी हलचल है, साथ ही इसके मायने भी तलाशे जाने शुरू कर दिए गये है।