-सोमवार की अहले सुबह मंदिरों के पट खुलने के बाद भक्तों ने बाबा का जलाभिषेक किया

JAMSHEDPUR: सावन की दूसरी सोमवारी को शहर के शिव मंदिरों में हजारों शिव भक्तों ने बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। सुबह से ही भक्त कतारबद्ध होकर भोले भंडारी के दर्शन का इंतजार करने लगे। मंदिरों में प्रति दिन होने वाले गणपति-अंबिका पूजन, वरुण पूजन, नवग्रह पूजा, षोडश मातृका पूजा, सप्तघृत पूजन के साथ ही तमाम अनुष्ठान पूरे होने के बाद मंदिरों के पट खुले और भक्तों ने बाबा का जलाभिषेक किया। शहर में यह नारा दिनभर गूंजता रहा। कई मंदिरों में रुद्राभिषेक का अनुष्ठान हुआ तो लोगों ने अपने घरों में भी व्यक्तिगत रूप से यह अनुष्ठान कराया। मंदिरों में भक्तों की कतार देर शाम तक लगी रही और मंदिरों में दिन भर घंटे घडि़याल गूंजते रहे। लोगों ने विधि-विधान से सावन की दूसरी सोमवारी को भगवान शंकर को पूजा कर मनोवांछित वरदान मांगा। मंदिरों में महिला श्रद्धालुओं की भीड़ सर्वाधिक रही। व्यवस्था को संभालने के लिए मंदिर समितियों के सदस्य मुस्तैद रहे। शहर के बिष्टुपुर स्थित महाकाल मंदिर, साकची शिव मंदिर, साकची शीतला मंदिर, आनंदेश्वर महादेव हाथी-घोड़ा मंदिर, कचहरी बाबा मंदिर, श्री मनोकामना नाथ शिव दुर्गा मंदिर सहित तमाम मंदिरों में विशेष प्रबंध किए गए थे।

मानस सत्संग समिति ने किया सुंदर कांड पाठ

मानस सत्संग समिति की ओर से सावन की दूसरी सोमवारी को बाराद्वारी कुम्हार पाड़ा चौक पर सुंदर कांड पाठ का आयोजन किया गया। पाठ के समापन के बाद शहीद किशन दुबे का श्रद्धांजलि दी गई। सदस्यों ने दो मिनट का मौन रख कर उनकी आत्मा की शांति के लिए भगवान भोले भंडारी से प्रार्थना की। यह आयोजन सावन के दूसरे सोमवार को पिछले नौ साल से किया जा रहा है। इसके बाद भंडारा का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं के बीच खिचड़ी भोग का वितरण किया गया। आयोजन में मुरारी लाल अग्रवाल, पंडित परशुराम पाण्डेय, मनोज मिश्रा, रणधीर मिश्रा, रमेश अग्रवाल व धनेश्वर ठाकुर आदि ने सक्रिय भूमिका निभाई।

------

अखंड कीर्तन का आयोजन

बाबा बर्फानी सेवा समिति के तत्वावधान में आदर्श नगर साकची में अखंड हरि कीर्तन का आयोजन किया गया। कीर्तन का शुभारंभ रविवार को ही हुआ था। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के सिरपालपुर से आए मुन्ना शर्मा उर्फ सूरदास ने अपनी टीम के सदस्यों के साथ ख्ब् घंटे का अखंड हरि कीर्तन किया। सोमवार को हरि कीर्तन की पूर्णाहुति हुई। पूर्णाहुति अनुष्ठान पंडित अजय तिवारी ने कराया जबकि यजमान पंकज कुमार थे। पूर्णाहुति के बाद विशाल भंडारा का आयोजन किया गया। इसमें सैकड़ों लोगों ने खीर-पूड़ी व सब्जी प्रसाद के रूप में ग्रहण किया। आयोजन में विवेक पाण्डेय, विमलेंदु ठाकुर, महेश केसरी, मुन्ना, पिंकू, मुकेश उपाध्याय व राकेश उपाध्याय आदि ने सक्रिय भूमिका निभाई।

शिव मंदिर गोलमुरी में हुआ रुद्राभिषेक

शिव मंदिर गोलमुरी में दूसरी सोमवारी को भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान शिव की पूजा-अर्चना की गई। शिवलिंग का अलौकिक श्रृंगार किया गया था। इसके उपरान्त श्रद्धालुओं ने एक-एक करके जलाभिषेक किया। रुद्राभिषेक के उपरान्त सभी श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया।

धतकीडीह में शिव भजन का आयोजन

संकट मोचन पशुपति मंदिर समिति धोबीघाट की ओर से सावन की दूसरी सोमवारी को अरुणा समिति क्लब मैदान धतकीडीह में शिव भजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें स्थानीय कलाकारों के साथ ही समिति के सदस्यों व श्रद्धालुओं ने भजन के जरिए भगवान भोलेनाथ के चरणों में हाजिरी लगाई। भजन का क्रम देर शाम तक चलता रहा और भक्त झूमते रहे।