कानपुर। बीजेपी प्रवक्ता और सांसद जीवीएल नरसिम्हा राव पर जूता फेंके जाने का मामला सामने आया है। एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुवार को भाजपा सांसद जीवीएल नरसिम्हा राव दिल्ली स्थित बीजेपी के मुख्यालय में एक प्रेस कांफ्रेंस कर रहे थे, इसी बीच एक अनजान व्यक्ति ने उनपर जूता फेंक दिया। इस घटना के बाद पुलिस ने उस व्यक्ति को अपने हिरासत में ले लिया। उस व्यक्ति ने खुद की पहचान शक्ति भार्गव के रूप में की है और वह पेशे से डॉक्टर है। हालांकि उसने जूते फेंकने के पीछे का कारण नहीं बताया है। दिल्ली पुलिस ने कहा कि वे उसे छोड़ रहे हैं क्योंकि उसके खिलाफ कोई शिकायत दर्ज नहीं की गई है। पुलिस ने बताया कि भार्गव कानपुर का रहने वाला है और वह संपत्ति विवाद व आयकर मामलों का पहले से ही सामना कर रहा है। वीडियो में देखा जा रहा है कि नरसिम्हा राव मीडिया को संबोधित कर रहे हैं और इसी बीच एक जूता उनके बहुत करीब से निकलता है। इसके बाद उस व्यक्ति को दो लोग पकड़ते हैं और बाहर ले जाते हैं।


घटना के बाद भी नहीं रुका प्रेस कांफ्रेंस

हालांकि, इस घटना के बाद भी राव अपने प्रेस कांफ्रेंस को रोकते नहीं हैं, वे इसे जारी रखते हुए कहते हैं कि इस व्यक्ति का लिंक कांग्रेस से है। फिलहाल, इससे अधिक जानकारी नहीं मिली है। बता दें कि जीवीएल नरसिम्हा राव राज्यसभा से सांसद हैं। यह सांसद होने के साथ बीजेपी सेंट्रल कमिटी के सदस्य भी हैं। इन्हें मार्च 2018 में उत्तर प्रदेश से राज्य सभा के लिए चुना गया था।

 

National News inextlive from India News Desk