भाई की हत्या का बदला लेने के लिए साथियों संग मौके की तलाश में था शातिर

एक कैदी व युवक को मारने का था पूरा प्लान, गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस टीम पर भी की फायरिंग

ALLAHABAD: बदले की आग में तड़प रहे धूमनगंज की सुनीता उर्फ मुंडी गैंग के शार्प शूटर सुनील पासी को स्थानीय पुलिस ने क्राइम ब्रांच की मदद से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को उसके तीन अन्य साथियों को भी पकड़ने में सफलता मिली है। पकड़ा गया शूटर सुनील कचहरी में पप्पू अग्रहरि व धूमनगंज के शिवकुमार पासी की हत्या करके भाई के कत्ल का बदला लेना चाहता था। वह उन दोनों की हत्या करता इसके पहले शुक्रवार रात सूबेदारगंज डॉट पुल के पास से पुलिस ने उन चारों को दबोच लिया। जबकि गढ़वा निवासी शातिर रोहित पासी व आशीष पुलिस को चकमा दे कर भागने में सफल रहे। पकड़े गए शातिरों के पास से पुलिस ने चार तमंचा, कारतूस, तीन बाइक और कारतूस का खोखा बरामद किया है। पुलिस को मिली इस सफलता के बारे में शनिवार को एसपी सिटी डॉ। विपिन ताड़ा ने पुलिस लाइन में मीडिया को बताई।

मुंडी गैंग के हैं सदस्य

एसपी सिटी ने बताया कि वर्ष 2009 में सुनील पासी के भाई सुरेश की सिविल लाइंस में हत्या कर दी गई थी। सुरेश की हत्या का आरोपी पप्पू अग्रहरि नैनी कारागार में सजा काट रहा है। पप्पू सुनील पासी के जानी दुश्मन शिवकुमार से मिला हुआ है। पेशी के दौरान शिवकुमार का भाई अक्सर पप्पू से मिल कर उसकी आर्थिक मदद करता है। पकड़े गए शातिर सुनील पासी ने पुलिस को बताया कि वे दोनों उसके लिए मुसीबत बन गए थे। इसी लिए कचहरी में उन दोनों को एक साथ मारने के लिए वह कई बार ट्राई किया, मगर कामयाब नहीं हो सका। 28 सितंबर 2016 को जब गढ़वा में वह शिवकुमार को मारने पहुंचा तो दोनों तरफ से फायरिंग शुरू हो गई। इस फायरिंग में गोली लगने से संजय नामक युवक ने दम तोड़ दिया था। मामले में सुनील पासी और उसके साथी आशीष पासी व रोहित के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ था। तभी से तीनों फरार चल रहे थे। शुक्रवार की रात सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की तो इन अभियुक्तों ने पुलिस टीम फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस को भी फायरिंग करनी पड़ी। पुलिस की तरफ से फायरिंग देख वे बचने लगे। मौका पाते ही पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर लिया। एसपी सिटी ने इन शातिरों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम को ईनाम देने की घोषणा की है।