- साड़ी खरीदने के बहाने घर में आए थे बदमाश

- एक घंटा घर में रुकने के बाद दिया घटना को अंजाम

मेरठ : सपा के पूर्व पार्षद व किन्नर गुरु फाको को स्कूटी सवार दो बदमाशों ने गोली मार दी। गोली लगते ही फाको खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े। गोली चलने की आवाज से काफी संख्या में एकत्रित हुए लोग बदमाशों के पीछे भाग लिए। बदमाश स्कूटी छोड़ भीड़ पर फायरिंग करते हुए पैदल ही श्याम नगर की गलियों में फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। घायल हुए किन्नर को उपचार के लिए आनंद नर्सिग होम में भर्ती कराया। लिसाड़ी गेट थाने में मामला दर्ज किया गया।

क्या था मामला

सपा के पूर्व पार्षद व किन्नर गुरु हाजी फाको श्याम नगर डीके फैक्ट्री के पास रहते हैं। सोमवार की दोपहर ढाई बजे करीब दो स्कूटी सवार युवक किन्नर को उपहार में मिलने वाली साड़ी व सूट खरीदने के बहाने उनके घर पर आए। करीब एक घंटे तक वह फाको के घर पर रहे। फाको द्वारा दिखाए गए सूट व साड़ी का बंडल बांधने लगे। इसी बीच एक युवक ने पिस्टल निकाल कर फाको पर फायरिंग शुरू कर दी। जिसके चलते उन्हें एक गोली पेट में दूसरी गोली हाथ में लगी। गोली चलते ही काफी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। वह बदमाशों के पीछे भाग लिए। बदमाशों ने अपने आप को घिरा पाकर भीड़ पर फायरिंग करनी शुरू कर दी। वह स्कूटी छोड़ पैदल ही श्याम नगर की गलियों में फरार हो गए।

चार लाख रुपए लूटे

घटना स्थल के पास मौजूद फाको के साथी रेशमा, यामीन, ताहिर ने आरोप लगाया कि बदमाशों ने घर में रखे चार लाख रुपये भी लूट लिए। जब उन्होंने बदमाश का पीछा किया तो बदमाशों ने उनके ऊपर फायर भी किया। जिससे वह बाल- बाल बच गए।

मांगी थी सुरक्षा

यामीन का कहना है कि फाको ने कई बार पुलिस से सुरक्षा मांगी थी। लेकिन उन्हें सुरक्षा नहीं दी गई। जिसके चलते बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी।

भयभीत हैं लोग

आसपास के लोगों का कहना है कि पुलिस क्षेत्र में गश्त नहीं करती है जिससे बदमाश घटना को अंजाम दे रहे हैं।

घटना के पीछे दो किन्नर गुटों की आपसी रंजिश सामने आई है। चोरी की स्कूटी बरामद हुई है। बदमाशों का सुराग लगाया जा रहा है।

-जे। रविंद्र गौड़, एसएसपी

---------

पहले भी हुए हैं किन्नरों पर हमले

शहर में क्षेत्र के बटवारे को लेकर दो किन्नर गुटों में आपसी रंजिश चल रही है। पंद्रह दिन पहले भी लिसाड़ी गेट क्षेत्र में एक किन्नर को गोली मारी थी, जिससे वह बच गया था। लिसाड़ी गेट थाने में मामला दर्ज कराया था। इससे पहले किन्नरों के दो गुटों में मारपीट व हत्या को लेकर मवाना थाने में 5, ब्रह्मापुरी थाने में 4, टीपी नगर थाने में 2, सरधना थाने में 4 और जानी थाने में चार मामले दर्ज हैं।